लेखपालों की भूमिका की बिना जांच किए हो रही ट्रैप कार्रवाई
भ्रष्टाचार निवारण कार्रवाई के विरोध में लेखपालों ने तहसील दिवस का बहिष्कार किया। उ.प्र. लेखपाल संघ ने शिकायतों की निष्पक्षता और निर्दोष कर्मचारियों को बचाने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा। संघ ने स्पष्ट और पारदर्शी एसओपी की मांग की।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन व विजिलेंस टीम की कार्रवाई के विरोध में शनिवार को लेखपालों ने तहसील दिवस का बहिष्कार किया। उ.प्र. लेखपाल संघ की इकाई के नेतृत्व में एक दिन कलम बंद हड़ताल कर धरना प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम सुनिष्ठा सिंह को सौंपा। उ.प्र. लेखपाल संघ ने ज्ञापन में बताया कि कई मामलों में शिकायत की वास्तविकता, शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि व लेखपाल की भूमिका की पर्याप्त जांच किए बिना ट्रैप कार्रवाई की जा रही है। जिससे लेखपालों में भय व मानसिक उत्पीड़न की स्थिति बन रही है। संघ ने अयोध्या के सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षदीप के खिलाफ हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की। संघ ने कहा कि वह भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करता है। रिश्वत लेने के दोषी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए लेकिन निर्दोष कर्मचारियों को झूठी शिकायत या फर्जी ट्रैप के माध्यम से फंसाने की कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। इस मौके पर अध्यक्ष रवनीश कुमार, सचिव अवनीश यादव, कर्णवीर सिंह, अंकुर गुप्ता, अंजली दीक्षित, दिनेश कुमार, अजय कुमार सहित समस्त लेखपाल मौजूद रहे。
ट्रैप कार्रवाई के लिए करें स्पष्ट व पारदर्शी एसओपी जारी
कुरावली। उ.प्र. लेखपाल संघ के आवाहन पर तहसील परिसर में समस्त लेखपालों ने कार्य का बहिष्कार किया। एसडीएम प्रदीप कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि अयोध्या सोहावल तहसील में लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। ट्रैप कार्रवाई के लिए स्पष्ट एवं पारदर्शी एसओपी जारी की जाए। संघ ने कहा कि किसी भी कीमत पर निर्दोष कर्मचारी को निजी रंजिश, षड़यंत्र व झूठी शिकायत के माध्यम से फंसाया जाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। तहसील अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव, राकेश यादव, विपिन शाक्य, मोहित, विशाल राजूपत, सुचित्र त्रिपाठी, दुर्गेश शाक्य, जितेंद्र सिंह आदि लेखपाल मौजूद रहे।

