लेखपाल संघ ने दिया तहसील मुख्यालयों पर धरना
जौनपुर में लेखपाल संघ ने शनिवार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। लेखपालों ने आरोप लगाया कि उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने ट्रैप कार्यवाही पर रोक लगाने और निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान उन्होंने सभी कार्यों का बहिष्कार भी किया।

जौनपुर, संवाददाता। प्रदेश में लेखपालों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संगठन/एंटी करप्शन एवं विजिलेंस द्वारा की जा रही कार्रवाई को अनुचित एवं दुर्भावनापूर्ण बताते लेखपाल संघ ने शनिवार को तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर धरना दिया। धरना सभा में ट्रैप कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग उठाई। हिन्दुस्तान संवाद मछलीशहर के अनुसार को लेखपाल संघ ने शनिवार को तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संदर्भित तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उपजिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय को सौंपा। लेखपालों का आरोप है कि भूमि पैमाइश, अतिक्रमण हटाने अथवा किसी व्यक्ति के अवैध कार्य को नियमों के विपरीत न किए जाने पर संबंधित व्यक्ति अथवा दलाल व्यक्ति दुर्भावना ग्रस्त होकर लेखपालों को झूठे मामले में फंसाने का प्रयास करते हैं।
लेखपालों ने अयोध्या (सोहावल) प्रकरण की निष्पक्ष जांच, ट्रैप कार्यवाही से पूर्व जांच एवं फर्जी ट्रैप पर रोक लगाने आदि की मांग की। लेखपालों ने थाना दिवसों सहित सभी कार्यों का बहिष्कार किया। इस मौके पर लेखपाल संघ के अध्यक्ष जगवीर गौतम, मंत्री आशीष पटेल, खंड मंत्री वाराणसी लाल चंद्र यादव, महामंत्री राहुल पटेल, जिला कोषाध्यक्ष दीपक सिंह, जय शंकर यादव, अशोक सरोज, अमर बहादुर, हिमांशु सिंह, चन्द्रावती देवी, मनीष रावत, धनंजय सिंह सहित सभी लेखपाल उपस्थित रहे।


