आशाओं के बीच पहुंचे सांसद-विधायक, मांगें शासन तक पहुंचाने का भरोसा
हिन्दुस्तान, फर्रुखाबाद कन्नौज
कायमगंज में आशा और आशा संगिनियों ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी रखा। सांसद मुकेश राजपूत और विधायक डॉ. सुरभि ने आशा कार्यकत्रियों से बात की और उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यकत्रियों ने कहा कि अगर मांगें नहीं मानी गईं, तो 15 अक्तूबर से कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया जाएगा।

कायमगंज, संवाददाता। मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर आशा और आशा संगिनियों का सीएचसी के बाहर दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी रहा। सांसद मुकेश राजपूत और विधायक डॉ. सुरभि मौके पर पहुंचे और आशा से वार्ता की। उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने का भरोसा दिया। आशा कार्यकत्रियों ने कहा कि लंबे समय से जिम्मेदारी के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में काम कर रही हैं। महंगाई और बढ़ते कार्यभार के चलते वर्तमान मानदेय पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मानदेय में वृद्धि की मांग की। कार्यकत्रियों ने बताया कि मांगों पर निर्णय नहीं होने पर 15 अक्तूबर तक कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया गया है।
पांच अक्तूबर को लखनऊ जाकर भी मांगों को शासन के समक्ष रखने की बात कही गई है।


