बीआरपी-सीआरपी को दो माह ने नहीं मिला वेतन
जन संघर्ष मोर्चा ने 750 बीआरपी-सीआरपी कार्मिकों के लिए दो माह से वेतन न मिलने पर नाराजगी जताई है। मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने शिक्षा मंत्री पर आरोप लगाया कि उन्होंने समस्याओं की अनदेखी की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर तुरंत वेतन नहीं मिला, तो आंदोलन किया जाएगा।

जन संघर्ष मोर्चा ने प्रदेशभर में कार्यरत करीब 750 बीआरपी-सीआरपी कार्मिकों को दो माह से वेतन नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत पर कार्मिकों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। विकासनगर में पत्रकारों से वार्ता में नेगी ने कहा कि दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण बीआरपी-सीआरपी कार्मिकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि कार्मिक अपने परिवार का गुजर-बसर कैसे कर रहे हैं, मकान का किराया और बच्चों की फीस कैसे चुका रहे हैं, इसकी चिंता विभागीय मंत्री को होनी चाहिए, लेकिन सरकार और विभाग इस गंभीर समस्या के प्रति उदासीन बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग को समय रहते भारत सरकार से समन्वय स्थापित कर बजट की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए थी, ताकि कार्मिकों को समय पर वेतन मिल सके। नेगी ने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री अपने अधीन विभागों में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान में लगातार विफल रहे हैं। चेतावनी दी कि बीआरपी-सीआरपी कार्मिकों को तत्काल वेतन नहीं मिला तो जन संघर्ष मोर्चा इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगा। पत्रकार वार्ता में हाजी असद और प्रवीण शर्मा पिन्नी मौजूद रहे।


