स्वर्ण समाज के नेताओं को पुलिस ने किया नजरबंद
शामली में यूजीसी बिल वापस लेने और एससी-एसटी कानून रद्द करने की मांग को लेकर स्वर्ण समाज के लोगों को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों को उनके घरों में हाउस अरेस्ट किया गया। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया।

शामली। यूजीसी बिल वापस लिए जाने एवं एससी-एसटी कानून रद्द किए जाने की मांग को लेकर अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा द्वारा दिल्ली में आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे स्वर्ण समाज के लोगों को पुलिस ने रविवार देर रात नजरबंद कर दिया। पुलिस ने आंदोलन में जाने से रोकते हुए कई लोगों को सांकेतिक रूप से हिरासत में लेने की कार्रवाई की। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय सचिव अश्वनी शर्मा सींगरा ने बताया कि संगठन द्वारा यूजीसी बिल वापस लेने और एससी-एसटी कानून में बदलाव की मांग को लेकर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया था।
प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कार्यकर्ता रवाना होने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने देर रात उनके आवासों पर पहुंचकर उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि संगठन अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाता रहेगा। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और कानून व्यवस्था को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जाने की बात कही गई है।


