एसजीएसटी अधिकारी आज से काली पट्टी बांधकर करेंगे काम
कानपुर में राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त ग्रेड-1 के पदों पर गैर-संवर्गीय अधिकारियों की तैनाती का विरोध शुरू हुआ। राज्य कर अधिकारी संघ ने काली पट्टी बांधकर काम करने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि तैनाती नियमों के विपरीत है, जिससे उनमें असंतोष बढ़ा है।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त ग्रेड-1 के पदों पर गैर-संवर्गीय (आईएएस) अधिकारियों की तैनाती का विरोध शुरू हो गया। राज्य कर अधिकारियों ने आंदोलन का ऐलान किया है। उत्तर प्रदेश राज्य कर अधिकारी संघ ने गुरुवार से सभी कार्य दिवसों में काली पट्टी बांधकर काम करने का निर्णय लिया है। संघ के अध्यक्ष ज्योति स्वरूप शुक्ल और महासचिव अरुणेश कुमार सिंह की ओर से आयुक्त राज्य कर को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि कानपुर जोन-प्रथम और गाजियाबाद जोन-प्रथम के अपर आयुक्त ग्रेड-1 के पद विभागीय प्रोन्नति से संवर्गीय अधिकारियों द्वारा भरे जाने वाले पद हैं।
इन पर गैर-संवर्गीय यानी आईएएस अधिकारियों की तैनाती नियमों के विपरीत है। इससे संवर्गीय अधिकारियों में भारी असंतोष और निराशा है। पत्र के अनुसार, संबंधित आदेश निरस्त कराने की मांग को लेकर सांकेतिक विरोध किया जाएगा। इसके तहत 16 जुलाई से सप्ताहांत तक सभी सदस्य काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को तेज करने की रणनीति तय होगी।


