सहारनपुर में धार्मिक स्थल गिराए जाने के विरोध में वामदलों का प्रदर्शन
हिन्दुस्तान, प्रयागराज
सहारनपुर में धार्मिक स्थल को ध्वस्त किए जाने के खिलाफ मंगलवार को वामदलों ने जिला कचहरी पर प्रदर्शन किया। भाकपा और अन्य वाम दलों ने राज्यपाल को मांग पत्र भेजा। उन्होंने इसे साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण का कदम बताया और धर्म स्थल की पुनर्स्थापना व जांच की मांग की।

सहारनपुर में धार्मिक स्थल को ध्वस्त किए जाने के विरोध में मंगलवार को वामदलों ने जिला कचहरी पर प्रदर्शन किया। भाकपा, भाकपा मार्क्सवादी, भाकपा माले की ओर से डीएम के जरिए राज्यपाल को मांग पत्र भेजा गया। आरोप लगाया कि पांच सितंबर की सुबह सहारनपुर में धार्मिक स्थल को ध्वस्त किया गया। अवकाश के दिन भोर में की गई कार्रवाई से संबंधित पक्ष को न्यायालयों में उपलब्ध वैधानिक उपचार का प्रभावी ढंग से लाभ लेने का अवसर नहीं मिला। नेताओं ने इसे साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण की राजनीति को बढ़ावा देने वाला कदम बताया। प्रदर्शनकारियों ने उसी जगह धर्म स्थल बनवाने और पूरे प्रकरण की जांच की मांग रखी है।
इस दौरान भाकपा जिला मंत्री नसीम अंसारी, माकपा जिला सचिवमंडल सदस्य विकास स्वरूप, भाकपा माले जिला मंत्री सुनील मौर्य आदि मौजूद रहे।

