भाकपा माले ने चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला, एसआईआर रद्द करने की मांग
दुमका में भाकपा माले ने चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि दलित, आदिवासी, पिछड़े और वंचितों के नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि हटाए गए नामों को बहाल किया जाए और एसआईआर प्रक्रिया पर रोक लगे।

दुमका, प्रतिनिधि। वामदलों के देशव्यापी अभियान के तहत गुरुवार को भाकपा माले जिला कमेटी दुमका ने वीर कुंवर सिंह चौक पर प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा दो, वोट चोर गद्दी छोड़ो, एसआईआर रद्द करो जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन का कारण
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी कर दलित, आदिवासी, पिछड़े, अल्पसंख्यक और वंचितों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। मांग की गई कि गलत तरीके से हटाए गए नामों को बहाल किया जाए और झारखंड में एसआईआर प्रक्रिया पर रोक लगे। प्रतिवाद सभा की अध्यक्षता सुभाष चंद्र मंडल ने की, संचालन पलटन हांसदा ने किया।
मुख्य भाषण
मंडल ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। पलटन हांसदा ने कहा कि अन्य दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों को नजरअंदाज कर ज्ञानेश कुमार पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। मुख्य वक्ता जिला संयोजक सह राज्य कमेटी सदस्य भुंडा बास्की ने कहा कि मोदी सरकार ने जानबूझकर ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त बनाया है। बिहार, बंगाल में भाजपा विरोधी वोटरों को वंचित कर जीत दर्ज की गई। अब झारखंड में भी एसआईआर के नाम पर साजिश हो रही है। उन्होंने एसआईआर बंद करने और बिहार-बंगाल में पारदर्शी चुनाव कराने की मांग की।
कार्यकर्ताओं की उपस्थिति
मौके पर सुरेश मुर्मू, रामेश्वर टुडू, सिलियस हांसदा, श्रील मुर्मू, सोकोल पावरिया, सहदेव हांसदा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।


