आगरा कैंट की घटना के विरोध में जंक्शन पर रेलकर्मियों का प्रदर्शन
ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरकेयू) ने पटना जंक्शन पर उप स्टेशन अधीक्षक के साथ आरपीएफ कर्मियों द्वारा की गई कथित मारपीट के विरोध में प्रदर्शन किया। रेलकर्मियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस घटना को निंदनीय बताते हुए यूनियन के महामंत्री ने इसकी कड़ी आलोचना की।

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान उप स्टेशन अधीक्षक के साथ कथित मारपीट की घटना के विरोध में बुधवार को ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरकेयू) की पटना शाखा ने पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में रेलकर्मियों ने भाग लिया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। यूनियन के महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव ने कहा कि 12 जुलाई को आगरा कैंट स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात उप स्टेशन अधीक्षक के साथ आरपीएफ कर्मियों द्वारा कथित रूप से सार्वजनिक रूप से मारपीट कर उन्हें घसीटते हुए आरपीएफ कार्यालय ले जाने की घटना बेहद निंदनीय और शर्मनाक है।
प्रदर्शन की अध्यक्षता सुभाष चंद्र सिंह ने की, जबकि नेतृत्व विजय कुमार ने किया। कार्यक्रम में एसएसडी मिश्रा, बीके सिंह, स्टेशन प्रबंधक शशि भूषण, टीआई मनीष कुमार, एपी सिंह, एचपी सिंह, सूरज कुमार, अनुपम, रमेश कुमार मिश्रा, मनोज देव सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।


