भगैत संरक्षण को लेकर मंथन, पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग
सुपौल, कार्यालय संवाददाता अखिल भारतीय लोकगाथा भगैत महासभा के तत्वावधान में शुक्रवार को राघोपुर

सुपौल, कार्यालय संवाददाता अखिल भारतीय लोकगाथा भगैत महासभा के तत्वावधान में शुक्रवार को राघोपुर प्रखंड के जहलीपट्टी गांव में लोकगाथा भगैत के संरक्षण, संवर्धन और ऐतिहासिक महत्व को लेकर बैठक हुई। अध्यक्षता फुर्तीलाल पंजियार ने की। बैठक को संबोधित करते हुए महासभा के प्रवक्ता डॉ अमन कुमार ने कहा कि भगैत किसी जाति, धर्म या व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज की धरोहर है। यह बिहार की सांस्कृतिक आत्मा है और सदियों से मौखिक परंपरा के रूप में एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचती रही है। उन्होंने कहा कि समय के साथ इस अमूल्य लोकधरोहर के विलुप्त होने का खतरा बढ़ रहा है।
इसलिए भगैत की गाथाओं को लिपिबद्ध करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भगैत मानवता की असली पाठशाला और चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। इसमें इतिहास, समाजशास्त्र, नैतिकता, धर्म, प्रेम, त्याग और संघर्ष का समावेश है। बाबा धर्मराज, संत कारू खिरहरी, ज्योति पंजियार, खेदन महाराज और मीरा साहेब आदि की गाथाएं लोगों को अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने तथा सत्य, अहिंसा, प्रेम, भाईचारा और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। बैठक में सर्वसम्मति से भगैत को सरकारी स्तर पर पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग उठाने का निर्णय लिया गया। मौके पर रामजी यादव, संजय यादव, योगेन्द्र यादव, विष्णुदेव यादव, सोमी यादव, दिलीप कुमार यादव, दुर्गानंद पासवान, अरुण यादव, खट्टर साह, गोनर शर्मा, तारानंद राम, जगत पंडित, गंगा सुतिहार और राम प्रसाद सिंह सहित अन्य मौजूद थे।


