संभावना: स्वास्थ्य बीमा दावे का 10% ग्राहक चुकाएगा

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

नए साल में स्वास्थ्य बीमा में 10 फीसदी सह-भुगतान का प्रस्ताव है, जिससे अस्पताल में भर्ती आवश्‍यक खर्च का 10 प्रतिशत ग्राहक को देना होगा। बीमा कंपनियां कम प्रीमियम प्रदान कर सकती हैं, जबकि ग्राहक संभावना से खर्च को नियंत्रित रखने का प्रयास करेंगे। प्रस्ताव अंत में पूर्ण नहीं है।

संभावना: स्वास्थ्य बीमा दावे का 10% ग्राहक चुकाएगा

नई दिल्ली, हिन्दुस्तान ब्यूरो। स्वास्थ्य बीमा लेने वालों के लिए नए साल में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। जनरल इंश्योरेंस काउंसिल (जीआई काउंसिल) के स्तर पर रिटेल स्वास्थ्य बीमा पॉलिसियों में 10 फीसदी सह-भुगतान लागू करने का प्रस्ताव विचाराधीन है। अगर यह प्रस्ताव लागू होता है तो अस्पताल में भर्ती होने के इलाज के पात्र खर्च का 10 फीसदी हिस्सा पॉलिसीधारक को अपनी जेब से देना होगा। हालांकि, अभी यह अंतिम नियम नहीं है और प्रस्ताव में बदलाव संभव है। एक दावे पर अधिकतम पांच लाख रुपये की सीमा

खबरों के मुताबिक प्रस्ताव

खबरों के मुताबिक प्रस्ताव में कहा गया है कि ग्राहक की हिस्सेदारी 10 फीसदी होगी, लेकिन एक दावे पर उसका अधिकतम योगदान पांच लाख रुपये तक सीमित रखने की बात है। उदाहरण के लिए अगर किसी इलाज का पात्र खर्च 10 लाख रुपये है तो एक लाख रुपये ग्राहक को देने पड़ सकते हैं। 50 लाख रुपये के पात्र खर्च पर 10 फीसदी रकम पांच 5 लाख रुपये होगी और प्रस्तावित सीमा के कारण ग्राहक की हिस्सेदारी इससे अधिक नहीं होगी। इसके बदले बीमा कंपनियां कम प्रीमियम की पेशकश कर सकती हैं।

कैशलेस इलाज में भी देना होगा हिस्सा

प्रस्ताव केवल रीइंबर्समेंट वाले दावों तक सीमित नहीं है। कैशलेस इलाज में भी ग्राहक को पात्र अस्पताल खर्च का 10 फीसदी हिस्सा देना पड़ सकता है। बीमारी के साथ दुर्घटना के कारण अस्पताल में भर्ती होने से जुड़े खर्च भी इसके दायरे में रखने का प्रस्ताव है। वहीं, ओपीडी यानी अस्पताल में भर्ती हुए बिना होने वाले इलाज के दावों को इस व्यवस्था से बाहर रखने की बात कही गई है।

दूसरी पॉलिसी से नहीं भर पाएंगे यह रकम

प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि 10 फीसदी सब-भुगतान को किसी राइडर या एंडोर्समेंट के जरिये खत्म या कम नहीं किया जा सकेगा। साथ ही, ग्राहक अपनी इस हिस्सेदारी की भरपाई किसी दूसरी पॉलिसी से भी नहीं कर सकेगा। प्रस्ताव का दायरा रिटेल इंडेम्निटी हेल्थ पॉलिसियों के अलावा कुछ रिटेल-ग्रुप पॉलिसियों, कॉम्बी प्रोडक्ट के इंडेम्निटी हिस्से, पोर्टेबिलिटी और इंटरनल माइग्रेशन कारोबार तक हो सकता है।

बीमा कंपनियां क्यों चाहती हैं बदलाव?

बीमा कंपनियों का तर्क है कि इलाज का पूरा खर्च बीमा कंपनी द्वारा उठाए जाने की स्थिति में कुछ अस्पताल अतिरिक्त जांच, प्रक्रियाएं या ज्यादा दिनों तक मरीज को भर्ती रखने की सलाह दे सकते हैं। महंगे कमरे लेने से भी कुल बिल बढ़ सकता है, क्योंकि कुछ अस्पतालों में डॉक्टर की फीस और प्रक्रियाओं के शुल्क कमरे के किराये से जुड़े होते हैं। ऐसे खर्चों को नियंत्रित करने से स्वास्थ्य बीमा की बढ़ती लागत पर अंकुश लगाने की उम्मीद है। ऐसे में ग्राहक स्वयं खर्च और बिल पर अंकुश रखने के लिए जागरूक होंगे।

4,300 से ज्यादा अस्पतालों का साझा पैनल

लागत घटाने के लिए अस्पतालों की साझा सूची और इलाज की प्रक्रियाओं के लिए बेंचमार्क दरें तय करने की भी योजना पर चर्चा है। जीआई काउंसिल की प्रस्तावित व्यवस्था में 4,300 से अधिक अस्पतालों को साझा पैनल में शामिल करने की बात है। इसके अलावा अस्पतालों और बीमा कंपनियों के बीच विवादों के समाधान के लिए अलग व्यवस्था बनाने का प्रस्ताव है।

ग्राहकों के सामने क्या विकल्प होगा?

अगर यह व्यवस्था लागू होती है तो ग्राहकों के लिए कम प्रीमियम वाली सह-भुगतान पॉलिसी और अधिक प्रीमियम देकर ज्यादा खर्च कवर करने वाली पॉलिसी के बीच चुनाव महत्वपूर्ण हो जाएगा। खासकर बुजुर्गों और गंभीर बीमारी का जोखिम रखने वाले लोगों को पॉलिसी लेते समय अपनी जेब से होने वाले संभावित खर्च का आकलन करना होगा। हालांकि, अभी यह प्रस्ताव अंतिम नहीं है। इसलिए मौजूदा पॉलिसीधारकों को केवल इस प्रस्ताव के आधार पर अपनी पॉलिसी बदलने का फैसला नहीं करना चाहिए।

सामान्य प्रश्न

✦क्या प्रस्तावित सह-भुगतान का प्रतिशत कितना है?−
प्रस्तावित सह-भुगतान का प्रतिशत 10 फीसदी है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsसंभावना: स्वास्थ्य बीमा दावे का 10% ग्राहक चुकाएगा