कस्तूरी रियल एस्टेट के खिलाफ एक और केस
वाराणसी में मकान और जमीन दिलाने के नाम पर पुलिसकर्मियों से ठगी के आरोप में प्रॉपर्टी डीलर गौरव गुप्ता समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एक सिपाही ने आरोप लगाया कि गुडवत्ता के वादे के बाद भी उसे न जमीन मिली और न ही रुपये लौटाए गए।

वाराणसी। मकान और जमीन दिलाने के नाम पर पुलिसकर्मियों से ठगी के आरोप में पहड़िया के अशोक विहार कॉलोनी निवासी प्रॉपर्टी डीलर गौरव गुप्ता समेत चार के खिलाफ कैंट थाने में एक और केस दर्ज किया गया है। पुलिस लाइन में तैनात सिपाही रणजीत कुमार ने 16 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। सिपाही ने तहरीर में बताया कि गौरव ने खुद को कस्तूरी रियल एस्टेट का डायरेक्टर बताया। फुलवरिया क्षेत्र की एक जमीन अपनी बताकर दिखाई। सौदा कराने के नाम पर 3.50 लाख रुपये लिये थे। सौदा नहीं होने पर रकम लौटा दी, जिससे उस पर विश्वास बढ़ गया।
फरवरी 2025 में गौरव गुप्ता ने दोबारा संपर्क कर भोजूबीर में मां कस्तूरी देवी के नाम दर्ज जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया। करीब 16 लाख रुपये लिए। बैनामा कराने के लिए खजुरी स्थित कार्यालय और बाद में सारंग तालाब स्थित विक्रांत फाइनेंस सर्विस पहुंचा तो वहां मौजूद कस्तूरी देवी, गौरव गुप्ता, दीपक गुप्ता और एक अन्य महिला ने बताया कि इसी जमीन के नाम पर कई अन्य लोगों से भी रुपये लिए जा चुके हैं। इसके बाद न तो जमीन का बैनामा कराया गया और न ही रुपये वापस किए गए।


