हब्शी हलवा बनेगा रामपुर की नई पहचान, ओडीओसी से मिलेगा लाखों का अनुदान

हिन्दुस्तान, रामपुर
Follow us on Google News
share

रामपुर में पारंपरिक खाद्य उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना में हब्शी हलवा का चयन किया गया है। इसके तहत 12 लाभार्थियों को 36 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़ना और रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

हब्शी हलवा बनेगा रामपुर की नई पहचान, ओडीओसी से मिलेगा लाखों का अनुदान

रामपुर, प्रमुख संवाददाता। प्रदेश सरकार के पारंपरिक खाद्य उत्पादों को बढ़ावा देने, स्थानीय उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़ने तथा जनपद के विशिष्ट व्यंजनों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से संचालित एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओसी) में हब्शी हलवा का चयन किया गया है। रामपुर का हब्शी हलवा अब खास पहचान बनेगा। उपायुक्त उद्योग अनुराग यादव ने बताया कि जनपद रामपुर के लिए इस योजना के अंतर्गत 12 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए शासन द्वारा 36 लाख रुपये का मार्जिन मनी लक्ष्य आवंटित किया गया है। योजना के माध्यम से पात्र उद्यमियों को बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा तथा परियोजना लागत के अनुसार शासन द्वारा आकर्षक मार्जिन मनी (अनुदान) प्रदान किया जाएगा。

परियोजना लागत के अनुसार मिलेगा अनुदान

योजना के अंतर्गत 25 लाख रुपये तक की परियोजना लागत पर 25 प्रतिशत की दर से अधिकतम 6.25 लाख रुपये मार्जिन मनी दी जाएगी। 25 लाख से 50 लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर 6.25 लाख रुपये अथवा परियोजना लागत का 20 प्रतिशत (जो अधिक हो) मार्जिन मनी का प्रावधान है। 50 लाख से 150 लाख रुपये तक की परियोजनाओं के लिए 10 लाख रुपये अथवा परियोजना लागत का 10 प्रतिशत (जो अधिक हो) मार्जिन मनी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं 150 लाख रुपये से अधिक की परियोजना लागत वाली इकाइयों के लिए परियोजना लागत का 10 प्रतिशत, अधिकतम 20 लाख रुपये (जो कम हो) मार्जिन मनी के रूप में देय होगी। योजना के अंतर्गत स्थापित उद्यम का दो वर्ष तक सफल संचालन होने के बाद यह मार्जिन मनी अनुदान के रूप में समायोजित कर दी जाएगी।

स्थानीय रोजगार और खाद्य उद्योग को मिलेगा नया आयाम

इस योजना का उद्देश्य पारंपरिक व्यंजनों से जुड़े उद्यमियों, कारीगरों एवं युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना, खाद्य प्रसंस्करण एवं खाद्य व्यवसाय के क्षेत्र में नए उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा देना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है। साथ ही, रामपुर के प्रसिद्ध हब्शी हलवा को व्यापक बाजार उपलब्ध कराकर उसकी विशिष्ट पहचान को और मजबूत बनाया जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन कर ले सकते हैं लाभ

इच्छुक एवं पात्र लाभार्थी एमएसएमई विभाग की वेबसाइट अथवा अपने निकटतम जन सेवा केन्द्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय सभी आवश्यक अभिलेख पूर्ण एवं सही रूप में उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि आवेदन के निस्तारण में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इन नंबरों पर फोन कर ले सकते हैं सहायता

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए इच्छुक आवेदक किसी भी कार्यदिवस में दूरभाष संख्या 8858420002 एवं 8318459727 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, रोशनबाग, रामपुर कार्यालय से भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

सामान्य प्रश्न

ओडीओसी योजना में हब्शी हलवे का चयन क्यों किया गया है?
हब्शी हलवा का चयन प्रदेश सरकार के पारंपरिक खाद्य उत्पादों को बढ़ावा देने और रामपुर के विशिष्ट व्यंजनों को पहचान दिलाने के उद्देश्य से किया गया है।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें