एआई के दौर में नौकरी के बदलते बाजार पर मंथन
जमशेदपुर में एक्सएलआरआई द्वारा प्रोडक्ट मैनेजमेंट सिंपोजियम ऑरोरा 4.0 का आयोजन किया गया। मुख्य विषय था पॉलीक्राइसिस युग में प्रोडक्ट मैनेजमेंट। उद्योगपतियों ने भविष्य के रोजगार पर चर्चा की, जिसमें एआई के प्रभाव का भी जिक्र हुआ। इस अवसर पर विभिन्न कंपनियों के विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए।

जमशेदपुर, प्रमुख संवाददाता एक्सएलआरआई पीजीडीएम (जीएम) के प्रोडक्ट मैनेजमेंट क्लब प्रोडजियन की ओर से बुधवार को अपने प्रोडक्ट मैनेजमेंट सिंपोजियम ऑरोरा 4.0 के चौथे संस्करण का आयोजन किया गया। इस साल के कार्यक्रम का मुख्य विषय पॉलीक्राइसिस युग में प्रोडक्ट मैनेजमेंट था। इसमें एआई के दौर में नौकरी के बदलते बाजार पर मंथन हुआ।इस सिंपोजियम में देश-विदेश के जाने-माने उद्योगपतियों और प्रोडक्ट लीडर्स ने हिस्सा लिया और चर्चा की कि कैसे मौजूदा वैश्विक चुनौतियों के बीच कंपनियां अपने उत्पादों को मजबूत बना सकती हैं, बाजार में टिक सकती हैं और सही रणनीति अपना सकती हैं। कार्यक्रम में सर्विस नाउ, अमेजॅन, जेपी मॉर्गन, माइक्रोसॉफ्ट, ओरेकल और मास्टर कार्ड जैसी दिग्गज कंपनियों के 19 वरिष्ठ प्रोडक्ट प्रोफेशनल्स ने छात्रों को अपने अनुभव और भविष्य की राह दिखाई।
सिंपोजियम के दौरान चार अलग-अलग सत्र में महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। पहले सत्र में आर्थिक और भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बीच उत्पादों के निर्माण पर जोर दिया गया, ताकि कंपनियां किसी भी बड़े झटके को आसानी से झेल सकें। दूसरे सत्र में महंगाई के दौर में ग्राहकों की बदलती आदतों और कम कीमत वाले बाजारों के लिए प्रोडक्ट्स की रीपैकेजिंग और रणनीति पर बात हुई। तीसरे सत्र में भारत के डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर यानी इंडिया स्टैक के जरिए मजबूत और हर समय काम करने वाले प्रोडक्ट्स बनाने के तरीकों पर चर्चा की गई। अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण सत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में नौकरी के बदलते बाजार और प्रोडक्ट मैनेजर्स की रोजगार क्षमता पर रोशनी डाली गई। वक्ताओं ने बताया कि कैसे एआई के इस समय में प्रोफेशनल्स को लगातार नई स्किल सीखने और मानवीय सूझबूझ के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। इस आयोजन में छात्रों को उद्योग के दिग्गजों से सीधे सीखने का मौका मिला। कार्यक्रम के अंत में डॉ. कनगराज अय्युलसामी (प्रोफेसर फाइनेंस और संयोजक कॉरपोरेट संबंध एवं प्लेसमेंट) ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।


