ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशहनीप्रीत गिरफ्तार:जानिए राम रहीम की गोद ली हुई बेटी के बारे में ये 10 बातें

हनीप्रीत गिरफ्तार:जानिए राम रहीम की गोद ली हुई बेटी के बारे में ये 10 बातें

दो साध्वियों से बालात्कार के मामले में 20 साल जेल की सजा का काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरुमीत राम रहीम की गोद ली हुई बेटी हनीप्रीत इंसा को पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ के जीरकपुर से गिरफ्तार कर लिया।...

हनीप्रीत गिरफ्तार:जानिए राम रहीम की गोद ली हुई बेटी के बारे में ये 10 बातें
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीTue, 03 Oct 2017 06:48 PM
ऐप पर पढ़ें

दो साध्वियों से बालात्कार के मामले में 20 साल जेल की सजा का काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरुमीत राम रहीम की गोद ली हुई बेटी हनीप्रीत इंसा को पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ के जीरकपुर से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद हनीप्रीत को हरियाणा पुलिस को सौंप दिया गया। गौरतलब है कि ​गत 25 अगस्त को रेप के मामले में पंचकुला की विशेष सीबीआई अदालत द्वारा राम रहीम को दोषी ठहराए जाने के बाद उसके समर्थकों ने जमकर बवाल काटा था। उसके बाद से ही हनीप्रीत फरार चल रही थी। 

'पापा की परी, परोपकारी, निर्देशक, एडिटर और अभिनेत्री...अपने रॉक स्टार पापा के निर्देशों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध।' यह हनीप्रीत इंसा का फेसबुक पर अपने बारे में ​दी गई जानकारी है। लेकिन, हनीप्रीत के बारे में बहुत ऐसी जानकारियां हैं, जो आप नहीं जानते होंगे। हम आपको हनीप्रीत से जुड़ी ऐसी ही दस बातों के बारे में बता रहे हैंं...

1) हनीप्रीत का असली नाम प्रियंका तनेजा है। डेरा के अंदर हनीप्रीत के आदेश को गुरुमीत राम रहीम का आदेश माना जाता था। हनीप्रीत ने राम रहीम के साथ कई फिल्मों में अभिनय भी किया है। फेसबुक पर हनीप्रीत की फॉलोविंग काफी है और 5 लाख से अधिक लाइक्स हैं। 


2) हनीप्रीत 30 साल की है। वो हिसार के पास फतेहाबाद की रहने वाली है। डेरा अनुयायियों को हनीप्रीत की असली उम्र के बारे में नहीं पता है। लेकिन, वह राम रहीम के काफी नजदीक थी यह बात डेरा अनुयायी भी कहते हैं।  

3) साल 1999 में प्रियंका तनेजा की शादी हिसार के रहने वाले डेरा समर्थक विश्वास गुप्ता के साथ हुई। शादी के बाद ही उसने अपना नाम हनीप्रीत रख लिया। डेरा के अंदर रहने वाले बताते हैं कि हनीप्रीत ने अपने ससुराल वालों पर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने की बात राम रहीम को बतायी। उसके बाद 2009 में राम रहीम ने उसे अपनी बेटी के रूप में गोद ले लिया और विश्वास गुप्ता को दामाद बना लिया। बाद में विश्वास गुप्ता ने राम रहीम के खिलाफ पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट में मामला दर्ज कराया। 

4) हनीप्रीत पहली बार तब मीडिया की सुर्खियों में आई जब उसे पंचकूला के विशेष सीबीआई अदालत में पेशी के दौरान गुरुमीत राम रहीम के साथ देखा गया।

5) समर्थक बताते हैं कि हनीप्रीत ही गुरुमीत राम रहीम के बाद डेरा प्रमुख बनने की प्रमुख दावेदार थी। हनीप्रीत की बात को डेरे के अंदर गुरुमीत राम रहीम का आदेश माना जाता था। 

6) गुरुमीत राम रहीम को अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद से ही हनीप्रीत फरार चल रही थी और 38 दिनों के बाद उसकी गिरफ्तारी हो सकी है। हरियाणा पुलिस ने पंचकुला में हुई हिंसा में संलिप्तता के मामले में 43 लोगों की सू​ची जारी की है। जिसमें हनीप्रीत टॉप पर थी। 19 सितंबर को हरियाणा पुलिस ने हनीप्रीत पर हिंसा भड़काने और गुरुमीत राम रहीम को भगाने की साजिश रचने के लिए देशद्रोह का मामला दर्ज किया था। 

7) हनीप्रीत ने 25 सितंबर को दिल्ली हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था और उसे सरेंडर करने के लिए कहा था। कोर्ट में हनीप्रीत के वकील ने कहा था कि वह जांच में सहयोग करना चाहती है, लेकिन गिरफ्तारी पर रोक लगाना चाहती है। 

8) हनीप्रीत के पूर्व पति विश्वास गुप्ता का कहना है कि राम रहीम का हनीप्रीत के साथ अवैध संबंध है और दोनों बाप बेटी होने का नाटक कर डेरा अनुयायियों को मुर्ख बना रहे थे। विश्वास गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि हनीप्रीत को राम रहीम ने कानूनी रूप से कभी गोद नहीं लिया था और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी ​थी। 

9) गिरफ्तारी के बाद हनीप्रीत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह भगोड़ी नहीं है। उसने देश छोड़ने की बात को भी गलत करार दिया और राम रहीम के साथ अपने अवैध संबंधों को भी सिरे से नकारा। 

10) हनीप्रीत को पंचकुला जिला अदालत में मंगलवार या बुधवार को पेश किया जा सकता है।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें