स्कूल एसोसियेशन ने की प्रमंडलीय बैठक, निजी स्कूलों की समस्याओं पर की चर्चा
पूर्णिया में सीमांचल प्राईवेट स्कूल एसोसिएशन की आमसभा आयोजित की गई। इसमें निजी स्कूलों की समस्याओं और संगठन विस्तार पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष उदय शंकर प्रसाद सिंह ने समस्याओं का समाधान शीघ्र कराने की बात कही। कार्यक्रम में 300 से अधिक शिक्षकों के सम्मान समारोह की योजना भी बनाई गई।

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। निजी स्कूलों की समस्याओं पर चर्चा एवं संगठन विस्तार को लेकर सीमांचल प्राईवेट स्कूल एसोसिएशन पूर्णिया प्रमंडल की प्रथम आमसभा सत्र 2026-27 का आयोजन विद्या विहार इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मरंगा में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाध्यक्ष उदय शंकर प्रसाद सिंह, संरक्षक गौतम सिन्हा एवं कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन किया गया। राष्ट्र गान एवं दिवंगत निदेशकों को श्रद्धांजलि देने के बाद जिला उपाध्यक्ष शिव शंकर झा ने कहा कि सरकार दिन-प्रतिदिन निजी स्कूलों को परेशान करने के लिए गैरवाजिब नियमों को थोप रही है जो कदापि स्वीकार्य नहीं है। जिला सचिव मनोरंजन कुमार ने वार्षिक रिपोर्ट में गठन काल से अभी तक की संगठन की उपलब्धि पर विस्तारपूर्वक चर्चा की एवं जिला कोषाध्यक्ष रवीन्द्र कुमार झा उर्फ बबलू झा द्वारा कोष का वार्षिक लेखा जोखा प्रस्तुत किया।
संरक्षक गौतम सिन्हा ने कहा कि विद्यालय की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए संगठन की ओर समय-समय पर शैक्षणिक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा ताकि निजी स्कूलों के बच्चों के बेहतर माहौल मिले। दूसरे सत्र में आगामी सितंबर माह में आयोजित होने वाले द्वितीय शिक्षक सम्मान समारोह की रूपरेखा, ई. संबंधन नवीनीकरण एवं यू.डाइस जारी करने में आ रही समस्याओं, संगठन विस्तार सहित विभिन्न निर्धारित एजेण्डे पर विस्तृत चर्चा की गई। आइटी सह मीडिया प्रभारी ऋतुराज आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी संगठन द्वारा द्वितीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन आगामी 13 सितंबर को किया जाएगा। जिसमें पूर्णियां प्रमंडल के तीन सौ से अधिक श्रेष्ठ शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जिलाध्यक्ष उदय शंकर प्रसाद सिंह ने कहा कि ई. संबंधन, ज्ञानदीप एवं यू. डाइस सहित विभिन्न मुद्दों पर हमारी जिला कमेटी शिक्षा विभाग के लगातार संपर्क में हैं और जल्द ही इसका निदान करवाया जाएगा। मंच संचालन जिला सचिव मनोरंजन कुमार ने किया। वहीं कार्यक्रम के अंत में जिला उपाध्यक्ष ई. विनोद कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष विक्रम किशोर सिंह एवं अशोक कुमार साह, उपसचिव कवीश कुमार एवं मो. अंसर आलम, संयुक्त कोषाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार साह, कार्यकारी निदेशक भरत कुमार सिंह, ममता कुमारी के. नगर प्रखंड अध्यक्ष आशीष कुमार साह, शीला कुमारी समेत धमदाहा, बनमनखी, कसबा, जलालगढ़, डगरूआ, बायसी, श्रीनगर समेत विभिन्न प्रखंडों के दो सौ से अधिक निदेशक शामिल हुए।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


