रजिस्ट्रेशन के बहाने बुलाकर छात्रा से छेड़खानी का आरोप, एचएम गिरफ्तार
पेज तीन की लीडपेज तीन की लीड पंजवारा थाना के श्री गांधी प्लस टू हाई स्कूल सबलपुर का मामला घटना गुरूवार की, छात्रा की मां की शिकायत पर मामला

पंजवारा (बांका), निज प्रतिनिधि। पंजवारा थाना क्षेत्र से एक गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। श्री गांधी प्लस टू हाई स्कूल सबलपुर में पढ़ने वाली 11वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा ने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पर छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की मां की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
घटना का विवरण
वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एचएम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना गुरुवार की बताई जा रही है। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, प्रभारी प्रधानाध्यापक विकास कुमार ने रजिस्ट्रेशन कराने के बहाने छात्रा को स्कूल अवधि समाप्त होने के बाद करीब चार बजे विद्यालय बुलाया था। आरोप है कि जब छात्रा प्रधानाध्यापक कक्ष से बाहर निकलने लगी, तभी प्रधानाध्यापक ने पीछे से उसे गलत नीयत से पकड़ने और छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। डरी-सहमी छात्रा किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर घर भागी और परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा की मां ने गुरुवार देर शाम पंजवारा थाना पहुंचकर थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शुक्रवार को इस मामले की जांच कर रहीं धोरैया थाना की एसआई प्रीति कुमारी ने विद्यालय पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और उसे सुरक्षित करते हुए बेरीकेडिंग कराई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं इस मामले पर एसएचओ चंदन कुमार ने बताया कि छात्रा की मां की शिकायत मिलने के बाद पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर गुरुवार देर रात आरोपी प्रधानाध्यापक को झारखंड के गोड्डा स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एचएम को शुक्रवार को पुलिस अभिरक्षा में न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया गया है।


