नवादा के 1.64 लाख किसानों के खाते में डाले गए 32.90 करोड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवादा जिले के 1 लाख 64 हजार 488 किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के रूप में 32.90 करोड़ रुपये भेजा है। कार्यक्रम का आयोजन किसानों को जागरूक करने के लिए किया गया था। किसानों को योजना के लाभ और कृषि तकनीकों की जानकारी प्रदान की गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवादा जिले के 1 लाख 64 हजार 488 किसानों के बैंक खाते में एक साथ किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के रूप में 32.90 करोड़ रुपये भेजा है। उन्होंने शनिवार की शाम जैसे ही रिमोट का बटन दबाया, किसानों के खाते में पैसा पहुंच गया। सम्मान निधि योजना का दो-दो हजार रुपए खाता में पहुंचने का मैसेज मोबाइल पर आते ही किसान खुश हो गये। इससे पहले भारत सरकार के निर्देशानुसार एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के हस्तांतरण के अवसर पर शनिवार को नवादा जिले में पीएम-किसान उत्सव दिवस का आयोजन कर किसानों को जागरूक बनाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन जिला, प्रखंड एवं ग्राम स्तर पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जिला कृषि प्रक्षेत्र, नवादा में जिला कृषि पदाधिकारी अजीत प्रकाश की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने प्रधानमंत्री द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण देखा तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के अंतर्गत राशि हस्तांतरण का साक्षी बने। कार्यक्रम में किसानों को योजना की पात्रता, लाभ, ई-केवाईसी, आधार एवं एनपीसीआई लिंकिंग तथा समय पर किस्त प्राप्ति से संबंधित आवश्यक जानकारियां प्रदान की गईं। साथ ही प्राकृतिक खेती, खेत बचाओ अभियान एवं कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में जागरूकता एवं प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में कृषि विभाग के अधिकारियों, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, कृषि समन्वयकों एवं किसान सलाहकारों के द्वारा किसानों को कृषि तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। किसानों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कृषि विभाग ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी किसानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
पीएम किसान पोर्टल पर करें आवेदन
नवादा। किसान सम्मान निधि योजना के लाभ के लिए किसानों को कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर पीएम-किसान पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। डीएओ अजीत प्रकाश ने बताया कि किसानों को आवेदन के साथ आधार कार्ड, बैंक खाता का विवरण आईएफसी कोड, भूमि दस्तावेज, मोबाइल नंबर, पासपोर्ट साइज का फोटो देना होगा। जिनके पास दो हेक्टेयर तक की कृषि योग्य भूमि है, वह इस योजना के लिए पात्र होंगे। सरकारी कर्मचारी और पेंशनभोगी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। (नवादा से राजेश मंझवेकर)


