केसरगंज मंडी में मस्जिद के अवैध निर्माण पर सांसद सख्त
केसरगंज मंडी में मस्जिद में अवैध निर्माण और असामाजिक गतिविधियों को लेकर प्रशासन पर दबाव बढ़ रहा है। सांसद अरुण गोविल ने डीएम को पत्र लिखकर जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है। यह मामला मेरठ मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन बंसल द्वारा उठाया गया था, जो क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

केसरगंज मंडी में मस्जिद में अवैध निर्माण और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर स्थानीय प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। सांसद अरुण गोविल ने इस पूरे मामले का गंभीर संज्ञान लेते हुए डीएम को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने निष्पक्ष जांच कर त्वरित एवं कठोर कानूनी कदम उठाने की मांग की है। यह पूरा मामला मेरठ मर्चेंट एसोसिएशन केसरगंज मंडी के अध्यक्ष नवीन बंसल द्वारा सांसद को सौंपे गए ज्ञापन के बाद प्रकाश में आया है। सांसद अरुण गोविल ने डीएम को पत्र भेजकर अवगत कराया है कि केसरगंज मंडी मूल रूप से एक घनी हिंदू आबादी वाला और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है।
इस क्षेत्र में स्थित एक मस्जिद में कथित तौर पर शासन या प्रशासन की बिना किसी पूर्व अनुमति के तीसरी मंजिल पर अवैध रूप से लैंटर डालने का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने डीएम से इस मामले में कानून-व्यवस्था को लेकर जांच कराकर ठोस कार्रवाई कराने को कहा है।सांसद ने अपने पत्र में क्षेत्र में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की अन्य गंभीर समस्याओं का भी उल्लेख किया है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों की शिकायतों के अनुसार, मंडी क्षेत्र में वर्ग विशेष के लोगों द्वारा बाहरी असामाजिक तत्वों को संरक्षण दिया जा रहा है।


