राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 78 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 78 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी। इनमें कीर्ति चक्र, शौर्य चक्र, सेना मेडल आदि शामिल हैं। कई सैन्य अधिकारियों को मरणोपरांत पुरस्कार दिए जाएंगे।

नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रक्षा बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों के लिए 78 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी। इनमें नौ कीर्ति चक्र, 19 शौर्य चक्र, पांच ‘बार टू सेना मेडल’ (वीरता) और 36 सेना मेडल (वीरता) शामिल हैं। 13 जवानों को मरणोपरांत पुरस्कार से सम्मान दिया जाएगा। कीर्ति चक्र पाने वालों में 21 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज फ्रांसिस और 2-पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के मेजर जितेंद्र राठी शामिल हैं। मरणोपरांत कीर्ति चक्र पाने वालों में 2-पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के हवलदार गजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल जगबीर सिंह और बशीर अहमद, कांस्टेबल जसवंत सिंह, बलविंदर सिंह और तारिक हुसैन तथा इंस्पेक्टर सुनील कुमार शामिल हैं।
शौर्य चक्र पाने वाले
वहीं, शौर्य चक्र पाने वालों में 36 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर परमवीर, 57 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर तरुण वासुदेवन, 12 डोगरा रेजिमेंट के मेजर केशव कुमार, 21 ग्रेनेडियर्स के मेजर गौरव सिंह बृजवाल, 11 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर विपिन कुमार, 3-असम राइफल्स के नायब सूबेदार शंकर राम और 21 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के नायब सूबेदार डब्बल सिंह बिष्ट शामिल हैं।
अन्य वीरता पुरस्कार
इनके अलावा 4-पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के हवलदार जगतार सिंह, 9 राष्ट्रीय राइफल्स के लांस नायक नरेंद्र सिंधु (मरणोपरांत), 11 राष्ट्रीय राइफल्स के लांसनायक कपिल देव, 7-सिख लाइट इन्फैंट्री के सिपाही जसविंदर सिंह, भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर शिवम कुमार और भारतीय वायु सेना के स्क्वाड्रन लीडर सुधीर कुमार, उप अधीक्षक धीरज सिंह कटोच, निरीक्षक अजय सिंह चिब, उप अधीक्षक सुखवीर सिंह, सहायक उप-निरीक्षक नियाज अहमद, उप कमांडेंट अंजनी कुमार और कांस्टेबल दीपक साह को भी शौर्य चक्र से नवाजा जाएगा।


