श्रीराम कथा के लिए गूंजे वैदिक मंत्र, भूमि पूजन के साथ भव्य आयोजन की तैयारियां शुरू
विकासनगर में श्रीराम कथा के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। कथा का आयोजन एक से नौ अक्टूबर तक होगा। भूमि पूजन Wednesday को किया गया और विशाल वाटरप्रूफ पंडाल निर्माण शुरू हुआ। कथा का औपचारिक आगाज 30 सितंबर को कलश यात्रा के साथ होगा। श्रद्धालुओं में कथा के प्रति उत्साह बना हुआ है।

श्रीराम कथा को लेकर विकासनगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। श्री राम कथा ज्ञान यज्ञ समिति के तत्वावधान में आगामी एक से नौ अक्टूबर तक होने वाली श्रीराम कथा के लिए बुधवार को श्री दुर्गा मंदिर, डाकपत्थर रोड स्थित कथा स्थल पर विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। इसके साथ ही कथा स्थल पर विशाल वाटरप्रूफ पंडाल के निर्माण का कार्य भी शुरू हो गया। पंडित गोविंद राम थपलियाल के सानिध्य में सुबह नौ बजे भूमि शुद्धि, पूजन, हवन और आरती का अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसके बाद कथा स्थल पर ध्वज स्थापित किया गया। समिति के अनुसार श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए तैयार किया जा रहा विशाल वाटरप्रूफ पंडाल 29 सितंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा।
आयोजन को लेकर समिति पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। आयोजन का औपचारिक आगाज 30 सितंबर को भव्य श्री रामायण कलश यात्रा के साथ होगा। यात्रा श्री गीता भवन मंदिर से प्रारंभ होकर कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न होगी। इसके बाद एक से नौ अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक संत विजय कौशल जी महाराज के सानिध्य में श्रीराम कथा का आयोजन होगा। समिति संयोजक राज कुमार जैन ने बताया कि कथा आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। भूमि पूजन के दौरान आयोजन के सफल और निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की गई। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर आध्यात्मिक लाभ लेने का आह्वान किया। भूमि पूजन कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, विधायक मुन्ना चौहान, कोषाध्यक्ष सतीश जैन, सचिव अरुण मित्तल आदि मौजूद रहे।


