नेहरू बालिका उवि में कला महाकुंभ 27 से
भूली के नेहरू बालिका उच्च विद्यालय में 'कला महाकुंभ-2026' के लिए समीक्षा बैठक हुई। यह तीन दिवसीय कार्यक्रम 27 से 29 नवंबर को होगा, जिसमें 12 राज्यों के लगभग 450 कलाकार भाग लेंगे। आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और इसे धनबाद के लिए ऐतिहासिक बताया गया।

भूली स्थित नेहरू बालिका उच्च विद्यालय में शुक्रवार को कला निकेतन की ओर से होने वाले तीन दिवसीय ‘कला महाकुंभ-2026’ की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। कला महाकुंभ 27 से 29 नवंबर तक विद्यालय प्रांगण में होगा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए नेहरू बालिका उच्च विद्यालय के अध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंह और सचिव संजय सिंह ने आयोजन स्थल का जायजा लिया। अखिल भारतीय बहुभाषीय नाटक, नृत्य व झांकी प्रतियोगिता की देखरेख जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है। आयोजक मंडल ने मंच और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, स्थल पर निर्बाध जलापूर्ति और अस्थायी शौचालयों का निर्माण, बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के रहने, खाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम आदि व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इस तीन दिवसीय सांस्कृतिक महाकुंभ में दिल्ली, मुंबई, देहरादून, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मणिपुर, असम, ओडिशा, राजस्थान, बंगाल, बिहार और झारखंड सहित 12 राज्यों की सांस्कृतिक संस्थाओं के लगभग 450 कलाकार भाग लेंगे।आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम धनबाद के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। विविध सांस्कृतिक विचारों के आदान-प्रदान से जहां हमारी सांस्कृतिक विरासत की जड़ें मजबूत होंगी, वहीं कला के संरक्षण व संवर्धन को भी नया बल मिलेगा। मौके पर विद्यालय की निदेशक अनुराधा कुमारी, कला निकेतन के निर्देशक वशिष्ठ प्रसाद सिन्हा, मानस रंजन पाल, आकाश सहाय, धर्मवीर कुमार, क्रांत कुमार आदि उपस्थित थे।


