भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम की रूप रेखा तैयार की
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 10 सितंबर को हल्द्वानी आएंगे। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व सैनिक सम्मेलन की रूपरेखा प्रस्तुत की है, जिसमें 5,000 पूर्व सैनिक शामिल होंगे। बैठक में विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सम्मेलन के संयोजक सुरेश भट्ट और सह-संयोजक डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रावत हैं।

हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगामी 10 सितंबर को हल्द्वानी आगमन की तैयारियों को लेकर शनिवार को कुमाऊं संभाग कार्यालय में जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने 10 सितंबर को वाटिका बैंक्वेट हॉल में प्रस्तावित पूर्व सैनिक सम्मेलन की रूपरेखा तय की। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में कुमाऊं क्षेत्र से 5,000 पूर्व सैनिक प्रतिभाग करेंगे। संगठनात्मक व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार ने पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपीं। सम्मेलन के सफल संचालन के लिए दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट को संयोजक और हल्द्वानी के पूर्व महापौर व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रावत को सह-संयोजक का दायित्व दिया गया है।
इस दौरान भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी तथा प्रदेश सह-संयोजक कर्नल जगत सिंह जंतवाल ने भी संबोधित किया। बैठक में प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, नैनीताल विधायक सरिता आर्या तथा प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


