मेला में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, स्वास्थ्य शिविर में पर्याप्त दवाएं हो: आयुक्त
श्रावणी मेला 2026 की तैयारी को लेकर आयुक्त ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से की समीक्षा मीटिंग

भागलपुर, प्रधान संवाददाता। प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा की अध्यक्षता में बुधवार को भागलपुर एवं मुंगेर प्रमंडल में चल रही श्रावणी मेला की तैयारी की समीक्षा वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये की गई। श्रावणी मेला 30 जुलाई से शुरू होगा और 28 अगस्त तक चलेगा। बैठक में भागलपुर के आईजी, मुंगेर के डीआईजी, संबंधित प्रमंडल के डीएम, एसएसपी एवं एसपी उपस्थित थे। इसके अलावा मालदा रेल मंडल के आधिकारिक प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान लंबित कार्यों को एक सप्ताह के अंदर पूर्ण करवाने का निर्देश दिया गया। मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, मुलभूत सुविधांए जैसे-पेयजल, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा, सुचारू यातायात, विद्युत की उपलब्धता इत्यादि विषयों पर संबंधित जिला पदाधिकारियों से जानकारी ली गई।
मेला के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति एवं उनके आवासन हेतु आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया। सभी जगहों पर सीसीटीवी लगाने और इसके माध्यम से हर चीज पर नजर रखने को कहा गया।आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला के दौरान भीड़भाड़ वाली जगहों पर जमा होने वाले कचरा के नियमित निष्पादन किये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। पेयजल के लिए हर जगह हैंडपंप सहित अन्य संसाधनों का अधिष्ठापन या मरम्मत का काम पूरा शीघ्र कराने को कहा गया। कांवरिया पथ में बालू बिछाने और सभी होल्डिंग प्वाइंट पर स्थित बिजली पोलों से जुड़े तारों की मरम्मत कराने को कहा गया। पूरे कांवरिया पथ में एवं होल्डिंग प्वाइंट पर अस्थायी चिकित्सा केन्द्र की स्थापना के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में चिकित्सा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति एवं आवश्यक दवाओं एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। कांवरिया पथ में खुलने वाले सभी भोजनालयों के लिए दर का निर्धारण के साथ-साथ इसके गुणवत्ता की जांच कराने को भी कहा गया। गंगा घाट पर एसडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति, टेंट सिटी का निर्माण समय से कराने एवं बांका के चांदन प्रखंड में बनाये जाने वाले पार्किंग स्थल पर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया।


