लखीसराय: बाढ़ की तैयारियों की प्रभारी सचिव ने की समीक्षा
लखीसराय में बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए प्रभारी सचिव कंवल तनुज ने सोमवार को तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राहत सामग्री के पैकेटों की गुणवत्ता और पैकेजिंग का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रभावित लोगों तक समय पर राहत सामग्री पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

लखीसराय से मनीष की रिपोर्ट जिले में बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने को लेकर सोमवार को प्रभारी सचिव कंवल तनुज ने तैयारियों की समीक्षा की। सम्राट अशोक भवन, लखीसराय में आयोजित समीक्षा के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बाढ़ से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। समीक्षा के क्रम में प्रभारी सचिव ने सम्राट अशोक भवन परिसर में तैयार किए जा रहे खाद्य राहत पैकेटों की पैकेजिंग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित मात्रा की जानकारी ली। साथ ही पैकेटों की पैकेजिंग तथा तैयार पैकेटों के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत सामग्री के पैकेट तैयार करने में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रभारी सचिव ने कहा कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रभावित लोगों तक समय पर राहत सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता के अनुसार त्वरित राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ के दौरान राहत एवं बचाव कार्य के लिए उपलब्ध संसाधनों, खाद्य सामग्री, आवश्यक उपकरणों तथा अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में बिना विलंब के कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रभारी सचिव को जिले में बाढ़ से निपटने के लिए की गई तैयारियों और राहत व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी।


