राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक बने रामप्रकाश पांडेय
कुशीनगर में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (एनसीएससी) 2026-27 के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। डॉ एसके सिंह ने रामप्रकाश पांडेय को जिला समन्वयक नियुक्त किया है। यह कांग्रेस 10 से 17 वर्ष के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अनुसंधान क्षमता विकसित करने का प्रयास करती है।

कुशीनगर। निज संवाददाता राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (एनसीएससी) उत्तर प्रदेश (पूर्व) के वर्ष 2026-27 के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई है। राज्य समन्वयक डॉ एसके सिंह ने कुशीनगर के बेसिक शिक्षा विभाग के एसआरजी रामप्रकाश पांडेय को जिला समन्वयक नामित करते हुए नियुक्ति पत्र जारी किया है।विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग भारत सरकार के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का उद्देश्य 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान क्षमता और नवाचार की भावना विकसित करना है। वर्ष 2026-27 में कार्यक्रम का 32वां संस्करण आयोजित किया जाएगा। जिला समन्वयक के रूप में रामप्रकाश पांडेय जिले के सभी विद्यालयों से समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।
उन्हें मार्ग दर्शक शिक्षकों के लिए जिला स्तरीय कार्यशालाओं का आयोजन, विद्यार्थियों को स्थानीय समस्याओं पर शोध आधारित वैज्ञानिक परियोजनाएं तैयार कराने के लिए प्रेरित एवं मार्ग दर्शन देने, जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन कराने, जिला आयोजन समिति का गठन करने, समयबद्ध ढंग से राज्य समन्वयक को प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति पत्र में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की वेबसाइट पर विद्यालयों और बाल वैज्ञानिकों का पंजीकरण कराने सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। रामप्रकाश पांडेय की नियुक्ति पर शिक्षकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और विज्ञान से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में जिले में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का सफल एवं प्रभावी आयोजन होगा।


