महिला की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
हिन्दुस्तान, हापुड़
कोतवाली क्षेत्र के गांव हावल में एक 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जो लगभग छह महीने की गर्भवती थी। मृतका के भाई ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली क्षेत्र के गांव हावल में करीब 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला करीब छह माह की गर्भवती थी। सूचना मिलने पर मायके पक्ष में कोहराम मच गया। मृतका के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में पति कासिम समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट का आरोप लगाया है। तहरीर के अनुसार महिला की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। शादी में 18 लाख रुपये खर्च करने का दावा किया गया है। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष कार और व्यापार के लिए 10 लाख रुपये की मांग कर रहा था।
मांग पूरी नहीं होने पर महिला को परेशान किया जाता था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार बालियान का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

