सर्पदंश से गर्भवती महिला की मौत
बाघराय के जलालपुर गांव में 21 वर्षीय गर्भवती महिला कंचन देवी सरोज रात के भोजन के बाद अपने कमरे में सो रही थी, तभी सांप ने उसके कान में डस लिया। उसकी चीख सुनकर पति ने परिजनों को बुलाया और महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों में कोहराम मच गया।
बाघराय, हिन्दुस्तान संवाद। रात में भोजन के बाद कमरे में सो रही गर्भवती महिला के कान में सांप ने डस लिया। उसकी चीख सुनकर पति की नींद खुली तो परिजनों को बुलाया। आनन फानन में उसे सीएचसी लाए, जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला के मौत को लेकर परिजनों में कोहराम मच गया। बाघराय थानाक्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी नीरज कुमार सरोज की 21 वर्षीय पत्नी कंचन देवी सरोज शुक्रवार रात खाना खाकर पति के साथ कमरे में सोने गई। गर्भवती किरन को सोते समय रात करीब एक बजे सांप ने उसके कान में डस लिया। उसकी चीख सुनकर नीरज की नींद खुली तो उसे तड़पता देख परिजनों को बुलाया।
अचेत हो चुकी कंचन को परिजन आनन फानन सीएचसी बाघराय ले गए तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। गर्भवती महिला के मौत की खबर मिलते ही ससुराल से लेकर मायके तक परिजनों में रोना पीटना मच गया। परिजन महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर शव लेकर घर चले गए।


