प्रेम जाल में फंसाकर युवती से दुष्कर्म, कराया गर्भपात
पीलीभीत में एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया गया। जब वह गर्भवती हुई, आरोपी ने बिना उसकी मर्ज़ी के गर्भपात करा दिया। युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दायर किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पीलीभीत। शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया गया। गर्भवती होने पर आरोपी शहर के एक निजी अस्पताल में युवती को ले गया। जहां उसका गर्भपात करा दिया गया। पुलिस ने युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की निवासी युवती ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई। जिसमें कहा गया कि थाना सुनगढ़ी क्षेत्र की बल्लभनगर कॉलोनी निवासी गोविंद पुत्र लालाराम ने उसे प्रेम जाल में फंसाकर कई बार उसकी मर्जी के बिना उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इससे वह गर्भवती हो गई। गर्भवती होने के बाद जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो वह उसे लगातार टालने लगा।
युवती के मुताबिक 13 अगस्त को आरोपी उसे शहर में गांधी स्टेडियम रोड स्थित एक अस्पताल में ले गया। आरोप है कि वहां उसकी बिना मर्जी के उसका गर्भपात करा दिया गया। युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने उससे शादी करने से भी इनकार कर दिया। घटना के बाद युवती ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों की जानकारी के बाद युवती ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली परमेंद्र कुमार ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर आरोपी गोविंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


