73 गर्भवती महिलाओं की हुई एएनसी जांच, 3 पाई गईं हाई रिस्क प्रेगनेंसी
मुंगेर में सोमवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व आश्वासन कार्यक्रम के तहत प्रसव पूर्व जांच शिविर का आयोजन हुआ। इस शिविर में 73 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। 3 महिलाओं को हाई रिस्क प्रेगनेंसी पाया गया, जिनकी अल्ट्रासाउंड जांच की गई। इस प्रकार के शिविर हर महीने आयोजित किए जाते हैं।

मुंगेर, निज संवाददाता। मॉडल अस्पताल के ओपीडी भवन में सोमवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व आश्वासन कार्यक्रम के तहत प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ महिला चिकित्सक डॉ. नेहा द्वारा कुल 73 गर्भवती महिलाओं की विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया गया। परिवार नियोजन परामर्शी योगेश कुमार ने बताया कि शिविर में गर्भवतियों के बीपी, शुगर, वजन, हाइट सहित अन्य पैथोलॉजी जांच नि:शुल्क की गईं। जांच के दौरान कुल 3 गर्भवती महिलाएं 'हाई रिस्क प्रेगनेंसी' (एचआरपी) से पीड़ित पाई गईं। चिकित्सक द्वारा इन तीनों महिलाओं की दोबारा गहन जांच की गई और उनका अल्ट्रासाउंड भी कराया गया।योगेश
कुमार ने जानकारी दी कि एचआरपी चिह्नित तीनों महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष नजर रखने का निर्देश संबंधित क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं को दिया गया है। आगामी एएनसी शिविर में इन तीनों की दोबारा जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकारी नियमों के तहत प्रत्येक माह की 9, 15 और 21 तारीख को सभी स्वास्थ्य केंद्रों में यह शिविर आयोजित होता है। हालांकि, इस बार 9 अगस्त को रविवार होने की वजह से शिविर का आयोजन 10 अगस्त सोमवार को किया गया।


