नई एसओपी जारी, लूट व चेन छिनैती की विवेचना अब थानेदार ही करेंगे
प्रयागराज कमिश्नरेट ने लूट, चेन स्नीचिंग और झपटमारी की घटनाओं की रोकथाम तथा शीघ्र खुलासे के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजयपाल शर्मा ने सभी थाना प्रभारियों को उद्घाटन किया है कि विवेचना उन्हें ही करनी होगी और पिछले 10 वर्षों के मामलों की जांच पूरी की जानी है।

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। प्रयागराज कमिश्नरेट में लूट, चेन स्नेचिंग और झपटमारी की वारदातों के शीघ्र खुलासे और प्रभावी रोकथाम के लिए नए निर्देश जारी किए गए हैं। अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजयपाल शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी मामलों की विवेचना अब संबंधित थाना प्रभारी ही करेंगे। यदि विवेचना किसी अतिरिक्त निरीक्षक या उपनिरीक्षक को सौंपी गई, तो संबंधित थानेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।बीते सात जुलाई को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक के दौरान सामने आई खामियों के बाद नए निर्देश जारी किए गए हैं। समीक्षा में पाया गाय था कि कई लूट और चेन स्नेचिंग के मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
उनकी विवेचना निर्धारित व्यवस्था के विपरीत की जा रही है। नई आदेश के तहत कमिश्नरेट के सभी थानाध्यक्षों को पिछले 10 वर्षों में लूट, झपटमारी और चेन स्नेचिंग के मामलों में नामित अथवा प्रकाश में आए अपराधियों का लगातार सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक थाना क्षेत्र में ऐसी वारदातों के रोकथाम के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर 15 दिनों के अंदर डीसीपी के माध्यम से अपर पुलिस आयुक्त कार्यालय को भेजनी होगी। ऐसी वारदात होने पर तत्काल कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने और सघन नाकाबंदी व चेकिंग शुरू करने का भी निर्देश दिया गया है। घटनास्थल और आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और लूटी गई संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक मामले की प्रगति रिपोर्ट भी साप्ताहिक आधार पर अपर पुलिस आयुक्त कार्यालय को भेजना अनिवार्य किया गया है।


