हापुड़ : पॉक्सो एक्ट के प्रति जागरूकता को शहर में निकली प्रभातफेरी
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देश पर हापुड़ में पॉक्सो एक्ट के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। अपर जिला जज ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जिसमें प्रतिभागियों ने बच्चों के विधिक अधिकारों से संबंधित नारों के साथ भाग लिया।
हापुड़, संवाददाता उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष अजय कुमार सिंह प्रथम के मार्गदर्शन में शहर में पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
प्रभात फेरी का शुभारंभ
प्रभात फेरी का शुभारंभ जनपद न्यायालय के मुख्य गेट से अपर जिला जज प्रथम हनी गोयल ने हरी झंडी दिखाकर किया। अपर जिला जज विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट ज्ञानेन्द्र सिंह यादव, अपर जिला जज द्वितीय शेष बहादुर निषाद, अपर जिला जज पोक्सो एक्ट द्वितीय, अवनीश कुमार राय, अपर जिला जज त्वरित न्यायालय द्वितीय विरेश चन्द्रा, सिविल जज सी.डि द्वितीय व प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण असगर अली एवं अन्य समस्त न्यायिक अधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. श्वेता पूठिया व प्राधानाचार्य शैलजा कुमारी, जिला संगठन आयुक्त श्री प्रकाश शर्मा, हेड क्वार्टर कमिश्नर भारत भूषण वत्स, नीति शर्मा, रेखा शर्मा, राजुकमारी गुप्ता, राजकुमार सिंह, मुकेश उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की विशेषताएँ
प्रभात फेरी में प्रतिभागी बाल सुरक्षा, बच्चों के विधिक अधिकार और पॉक्सो एक्ट से जुड़े नारों की तख्तियां, बैनर लेकर चल रहे थे। कार्यक्रम के दौरान डीएलएसए प्रभारी सचिव व सिविल जज (सी.डि) द्वितीय असगर अली ने बताया कि बच्चों के प्रति होने वाले किसी भी प्रकार के यौन अपराधों की रोकथाम के लिए समाज में जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण हथियार है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों के साथ संवाद बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में बिना डरे विधिक सहायता, हेल्पलाइन नंबर 1098 या 15100 का उपयोग करने की अपील की। प्रभात फेरी में न्यायिक अधिकारी, विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक एवं स्कूली छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

