फारबिसगंज में डाक मेला, पीएलआई-आरपीएलआई के प्रचार-प्रसार पर जोर
फारबिसगंज में डाक विभाग ने डाक जीवन बीमा (पीएलआई) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए एक मेला आयोजित किया। सहायक निदेशक संजय कुमार झा ने बीमा योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए और ग्रामीण परिवारों को लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

फारबिसगंज, निज संवाददाता। डाक विभाग की बीमा योजनाओं डाक जीवन बीमा (पीएलआई) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से फारबिसगंज अनुमंडलीय डाक निरीक्षक कार्यालय में डाक मेला सह बैठक का आयोजन किया गया। मेले में भागलपुर क्षेत्र के सहायक निदेशक पीएलआई संजय कुमार झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पूर्णिया के डाक निरीक्षक संतोष कुमार चौधरी की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में फारबिसगंज अनुमंडल के सभी बीपीएम, एबीपीएम और ग्रामीण डाक सेवकों ने भाग लिया।
डाक विभाग का उद्देश्य
सहायक निदेशक संजय कुमार झा ने कहा कि डाक विभाग का उद्देश्य वित्तीय सुरक्षा को गांव और घर तक पहुंचाना है। पीएलआई और आरपीएलआई को मजबूत करने के साथ-साथ पॉलिसी का प्रीमियम डिजिटल माध्यम से जमा करने को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने चालू वित्तीय वर्ष के कारोबारिक लक्ष्य और अब तक की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए डाक सेवकों को योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया।
बीमा सुरक्षा की लाभदायक योजनाएं
उन्होंने कहा कि पीएलआई और आरपीएलआई आम लोगों के लिए कम प्रीमियम में जीवन बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण योजनाएं हैं। इनमें पॉलिसीधारकों को आकर्षक बोनस और अन्य लाभ मिल सकते हैं। उन्होंने पीएलआई के लिए सरकारी व अर्द्धसरकारी कर्मचारियों के साथ डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य पेशेवर वर्ग पर विशेष ध्यान देने को कहा। वहीं आरपीएलआई के लिए किसान, ग्रामीण क्षेत्र के परिवारों और महिला स्वयं सहायता समूहों को लक्षित करने का निर्देश दिया।
ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता
उन्होंने कहा कि ग्रामीण हाट-बाजार और पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर लोगों को बीमा योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और दूरदराज के परिवार भी भविष्य की वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें। डाक विभाग की पहुंच गांव-गांव तक होने के कारण इन योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में ग्रामीण डाक सेवकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
आरपीएलआई में बदलाव
डाक निरीक्षक संतोष कुमार चौधरी ने बताया कि डाक विभाग ने हाल में आरपीएलआई को लेकर महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब आरपीएलआई का लाभ लेने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में निवास करने की अनिवार्यता हटा दी गई है। इससे योजना का दायरा बढ़ा है और अधिक लोगों के लिए इसका लाभ लेना आसान हुआ है।
मेले के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पीएलआई और आरपीएलआई की पॉलिसी भी कराई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपनी आय और जरूरत के अनुसार जीवन बीमा योजना की जानकारी लेकर भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के लिए उचित निर्णय लें।
मौके पर डाक अधिदर्शक रामनाथ शाह, राजेश कुमार झा, बीपीएम चंदन कुमार सिंह, संजय यादव, कमल प्रसाद कमल, शुभांगी कुमारी, सलोनी सुमन, निशा कुमारी, अनुप्रिया कुमारी, संजय झा, कमलेश श्रीवास्तव, सोनू कुमार, ललित शर्मा, विवेकानंद कुमार सहित फारबिसगंज क्षेत्र के सभी बीपीएम, एबीपीएम एवं विभागीय कर्मी मौजूद थे।


