ब्याज समायोजन में अब दो स्तरों पर होगी जांच
डाकघर की बचत योजनाओं में ब्याज समायोजन की प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए डाक विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। अब दो स्तरों पर प्रविष्टियों की जांच होगी। नई मानक संचालन प्रक्रिया का उद्देश्य गलत ब्याज समायोजन पर रोक लगाना और आंतरिक नियंत्रण को मजबूत करना है।

धनबाद, संवाददाता। डाकघर की बचत योजनाओं में ब्याज समायोजन की प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए डाक विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। अब ब्याज समायोजन से संबंधित प्रविष्टियों की दो स्तरों पर जांच की जाएगी। इस बाबत डाक विभाग ने नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है। इसका उद्देश्य गलत या अनधिकृत ब्याज समायोजन की घटनाओं पर रोक लगाने के साथ जवाबदेही तय करना और आंतरिक नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत करना है।
नई व्यवस्था की विशेषताएं
नई व्यवस्था लागू होने से पहले बचत बैंक नियंत्रण कार्यालय के पर्यवेक्षक द्वारा तैयार की गई प्रविष्टियों का दूसरे स्तर पर सत्यापन नहीं होता था। ये प्रविष्टियां प्रणाली में स्वतः सत्यापित हो जाती थीं। अब उसमें दूसरे स्तर की जांच को अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा प्रणाली आधारित अतिरिक्त सत्यापन की भी व्यवस्था की गई है। कार्यालयों के क्षेत्राधिकार के अनुसार मुख्य डाकघर और केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र स्तर पर अधिकारियों की पहुंच और अधिकार निर्धारित किए गए हैं। ब्याज समायोजन से जुड़े मामलों की निगरानी के लिए अलग रिपोर्टिंग व्यवस्था भी विकसित की गई है। डाक विभाग ने सभी डाक परिमंडलों को नई एसओपी संबंधित कार्यालयों तक पहुंचाने का निर्देश दिया है। अब ब्याज समायोजन से संबंधित सभी मामलों का निपटारा निर्धारित नई प्रक्रिया के तहत ही किया जाएगा।


