कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम को भेजा
कटरा बाजार में शुक्रवार को जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने सड़क दुर्घटना में इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक शब्बू की दिल्ली में एक सड़क दुर्घटना में गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन ने शव को दफन कर दिया था।

कटरा बाजार, संवाददाता। जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में इलाज के दौरान हुई मौत मामले में दफनाए गए शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस सबंध में दिल्ली पुलिस ने डीएम से शव का पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया था। अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक मनोज पाठक ने बताया कि थाना क्षेत्र के खेमपुर निवासी युवक शब्बू पुत्र नियाज खान रोजगार के लिए दिल्ली कमाने गया था। बीते चार अगस्त को दिल्ली के पश्चिम विहार थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस पर पश्चिम विहार थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था।
सूचना पर दिल्ली पहुंचे परिजन गंभीर रूप घायल शब्बू को इलाज के लिए गोंडा ले आए और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां हालत में सुधार न होता देख डाक्टर ने लखनऊ ले जा जाने के लिए रेफर कर दिया। बीते आठ अगस्त को लखनऊ ले जाते समय शब्बू की रास्ते में मौत हो गई। परिजन शव को घर ले आए और अपने रीति-रिवाज के अनुसार दफन कर दिया। गुरुवार को दिल्ली पुलिस के उपनिरीक्षक नरेश कुमार ने जिलाधिकारी गोंडा से शव का पोस्टमार्टम के लिए अनुरोध किया जिससे मृत्यु की सही जानकारी हो सके। अपर जिलाधिकारी के आदेश पर उपजिलाधिकारी करनैलगंज कुमार सत्यमजीत की मौजूदगी में पुलिस ने शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है ताकि मृत्यु की सही जानकारी हो सके।


