11 से 31 जुलाई तक चलेगा विशेष परिवार नियोजन अभियान
महाराजगंज में अनुमंडल अस्पताल 11 से 31 जुलाई तक विश्व जनसंख्या दिवस के तहत जनसंख्या स्थिरता पखवारा मनाने जा रहा है। इस दौरान सभी सरकारी अस्पतालों में परिवार नियोजन शिविर लगेगा, जहाँ दंपतियों को मुफ्त परिवार नियोजन सेवाएँ मिलेंगी। पुरुष नसबंदी और महिला बंध्याकरण पर प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।

महाराजगंज, एक प्रतिनिधि। अनुमंडल अस्पताल में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 जुलाई से 31 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवारा मनाया जाएगा। इस दौरान सभी सरकारी अस्पतालों में विशेष परिवार नियोजन शिविर का आयोजन किया जाएगा, जहां दंपतियों को अनचाहे गर्भधारण से बचाव के लिए विभिन्न परिवार नियोजन साधनों एवं सेवाओं का लाभ निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। परिवार नियोजन सलाहकार देवेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि वर्तमान में पुरुष नसबंदी, महिला बंध्याकरण, कॉपर-टी, अंतरा इंजेक्शन, कंडोम, छाया, माला-एन सहित अन्य परिवार नियोजन सुविधाएं निर्धारित दिनों में उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं 11 जुलाई से 31 जुलाई तक यह सभी सेवाएं प्रतिदिन निःशुल्क प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी कराने वाले लाभार्थियों को ₹3000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं, महिला बंध्याकरण कराने वाली महिलाओं को प्रसव के तुरंत बाद ऑपरेशन कराने पर ₹3000 तथा सात दिन बाद बंध्याकरण कराने पर ₹2000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।


