पांच फीसदी से भी कम दर्ज हुई 512 स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरी
गोण्डा में माध्यमिक शिक्षा परिषद की समीक्षा में पता चला कि 512 विद्यालयों में ऑनलाइन उपस्थिति केवल 5 प्रतिशत से कम है। परिषद ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सुधार के आदेश दिए हैं। सभी विद्यालयों को ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

गोण्डा, संवाददाता। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था में जिले के स्कूलों का प्रदर्शन काफी खराब है। परिषद की समीक्षा में खुलासा हुआ कि यूपी बोर्ड से संबद्ध जिले के 512 माध्यमिक विद्यालयों में ऑनलाइन उपस्थिति पांच प्रतिशत से भी कम दर्ज की गई है। इस पर परिषद के सचिव भगवती सिंह ने नाराजगी जताते हुए डीआईओएस डॉ. रामचंद्र को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए है। परिषद को समीक्षा में पता चला कि अधिकांश विद्यालयों में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र अब भी ऑनलाइन पोर्टल के बजाय ऑफलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। इससे न केवल बोर्ड के आदेशों की अनदेखी हो रही है, बल्कि जिले की प्रगति भी प्रभावित हो रही है।
परिषद ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए डीआईओएस को सभी प्रधानाचार्यो और विद्यालय प्रबंधनों से तत्काल संपर्क कर शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।परिषद सचिव ने चेतावनी दी है कि यदि अगली समीक्षा तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यो, प्रबंधकों और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड ने ऑनलाइन उपस्थिति को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन और दंड दोनों की व्यवस्था लागू की है। जिन विद्यालयों में 100 प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज होगी, उन्हें वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा के परीक्षा केंद्र निर्धारण में 20 अंकों का अधिभार दिया जाएगा। इसके विपरीत लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।डॉ. रामचंद्र, डीआईओएस ने कहा कि जिले के सभी विद्यालयों को लगातार निर्देश और नोटिस जारी किए जा रहे हैं। ऑनलाइन उपस्थिति अब अनिवार्य है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विद्यालयों को शत-प्रतिशत ऑनलाइन हाजिरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


