पुंछ में एलओसी के पार आईईडी धमाके में पीओके के चार लोगों की मौत
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पार संदिग्ध बारूदी सुरंग धमाके में पीओजेके के चार लोगों की मौत हो गई। धमाका सतवाल-नकी इलाके में हुआ, जहां लोग पानी की पाइपलाइन बिछा रहे थे। घटना के बाद भारतीय क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई और एलओसी पर निगरानी कड़ी की गई। मेंढर सेक्टर में मिली दो जंग लगी बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय किया गया।

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में कृष्णा घाटी सेक्टर के पास नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार संदिग्ध बारूदी सुरंग धमाके में पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) के चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। घटना के बाद भारतीय क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, शक्तिशाली विस्फोट पीओजेके के हजीरा तहसील के सतवाल-नकी इलाके में हुआ। बताया जा रहा कि उस समय कुछ लोग नियंत्रण रेखा के पाकिस्तानी हिस्से में पानी की पाइपलाइन बिछा रहे थे। सीमा पार से मिली शुरुआती जानकारी का हवाला देते हुए अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान पीओजेके के बट्टल मंडोल गांव के फैजान सगीर, इश्तियाक, वकास शरीफ और आसिम रफीक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों आपस में चचेरे भाई थे। विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल यह जानकारी भी नहीं मिली है कि मृतकों में से कोई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल था या नहीं।
नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा और निगरानी
नियंत्रण रेखा पर निगरानी बढ़ी
विस्फोट के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे सेक्टर में अलर्ट जारी कर दिया और नियंत्रण रेखा पर निगरानी बढ़ा दी। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति का आकलन करने और सुरक्षा में किसी भी संभावित चूक को रोकने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
मेंढर सेक्टर में मिलीं बारूदी सुरंगें
मेंढर सेक्टर में दो बारूदी सुरंगें मिलीं
भारतीय सेना के जवानों ने सोमवार को मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में सीमा पर लगी बाड़ के पास दो जंग लगी बारूदी सुरंगों का पता लगाया। अधिकारियों के मुताबिक, सुबह 8:25 बजे और दोपहर 12:10 बजे रास्ता बनाने के दौरान इन बारूदी सुरंगों का पता चला। दोनों को बाद में निष्क्रिय कर दिया गया।
.........


