पुंछ में आतंकी ठिकाने का पर्दाफाश, एके-47 और छह हथगोले बरामद
पुंछ में मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में दो बारूदी सुरंगों को भी नष्टपुंछ में आतंकी ठिकाने का पर्दाफाश, एके-47 और छह हथगोले बरामद

पुंछ में संदिग्ध आतंकी ठिकाने का पर्दाफाश
पुंछ में मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में दो बारूदी सुरंगों को भी नष्ट किया उधमपुर और कठुआ के ऊपरी इलाकों में भी सेना का तलाश अभियान जारी
जम्मू, एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में मंगलवार को एक गुफा के भीतर बने संदिग्ध आतंकी ठिकाने का पर्दाफाश किया गया। गुफा से एक स्वचालित राइफल, छह हथगोले और कारतूस बरामद हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सेना और पुलिस द्वारा सथराबाण के जंगलों में एक संयुक्त अभियान चलाया। इसी दौरान एक गुफा से ये हथियार बरामद किए गए। मौके से एक एके-47 राइफल, एक मैगजीन, 30 कारतूस, छह हथगोले और कुछ दवाइयां बरामद की गई हैं। अभियान के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद उधमपुर और कठुआ जिलों में फैले क्रमश: मजालता व बिलावर के ऊपरी इलाकों में तलाश अभियान जारी है। उधमपुर के मजालता स्थित सोआन, खुबान, चोर व नागण तथा कठुआ जिले के सदरौता, भेड व बलोर के वन क्षेत्रों में सोमवार शाम से सेना और पुलिस का संयुक्त अभियान जारी है। अभी तक संदिग्धों से आमना-सामना नहीं हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि एक अलग मामले में पुंछ के मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में मंगलवार सुबह सेना के जवानों ने सीमा से सटी बाड़ के पास जंग लगी दो बारूदी सुरंगों का पता लगाया। ये बारूदी सुरंगें ट्रैक निर्माण कार्य के दौरान दिखाई दी थीं, जिन्हें बाद में सेना के विशेषज्ञों द्वारा नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया। पिछले एक सप्ताह के दौरान सेना द्वारा इस क्षेत्र में 12 से अधिक बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया जा चुका है।
राजस्थान सीमा के पास हथियार और विस्फोटक जब्त
राजस्थान बॉर्डर पर हथियारों के साथ दो गिरफ्तार
जयपुर, एजेंसी। सुरक्षा एजेंसियों ने राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास हथियार और संदिग्ध विस्फोटक जब्त किए हैं। मौके पर पकड़े गए दो संदिग्ध पंजाब के जालंधर और फिरोजपुर के रहने वाले हैं। यह विस्फोटक सामग्री सोमवार रात 10 बजे पाकिस्तानी ड्रोन से गिराई गई थी।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह जब्ती सीमावर्ती रावला मंडी इलाके की ग्राम पंचायत 12 केएनडी में बीएसएफ, एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और स्थानीय पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन ‘सीमांतक’ के दौरान की गई। बरामद सामान में संदिग्ध आरडीएक्स, दो पिस्तौल, चार मैगजीन, लगभग 650 कारतूस, चार जोड़ी बैटरी और दो रिमोट कंट्रोल शामिल हैं। एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने कहा कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। जब्ती के बाद सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुंछ में आग से मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त
पुंछ में आग से तीन मकान और दो दुकानें जलीं
जम्मू, एजेंसी। पुंछ जिले की मंडी तहसील में सोमवार देररात लोरन मुख्य चौक के पास एक मकान में आ लग गई। भीषण आग लगने से तीन मकान और दो दुकानें जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि दमकल और आपातकालीन सेवा की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग में मोहम्मद रईज, उनके भाई जहांगीर जरगर और उनके चचेरे भाइयों मो. यूसुफ तथा हबीब जरगर के तीन मकान और दो दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।

