18 जुलाई तक मतदान केंद्रों को दिया जाएगा अंतिम रूप : डीएम
18 जुलाई तक मतदान केंद्रों को दिया जाएगा अंतिम रूप : डीएम मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिलाधिक
सोनभद्र, संवाददाता। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत जनपद में मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्राप्त सुझावों और आपत्तियों के परीक्षण के बाद 18 जुलाई तक मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों के आलेख्य प्रकाशन पर चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र घोरावल, रॉबर्ट्सगंज, ओबरा (अजजा) और दुद्धी (अजजा) के मतदान स्थलों का आलेख्य प्रकाशन चार जुलाई को जिला वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया था तथा 12 जुलाई तक आमजन और राजनीतिक दलों से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं।
बैठक में बताया गया कि जनपद में वर्तमान में 1563 मतदेय स्थल तथा 973 मतदान केंद्र निर्धारित हैं। इससे पहले एक जुलाई को भी सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे। डीएम ने बताया कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) तथा आम आदमी पार्टी की ओर से कुल 21 प्रस्ताव प्राप्त हुए। इनका परीक्षण कराने पर आठ प्रस्ताव स्वीकृत किए गए, जबकि 13 प्रस्ताव निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप न पाए जाने के कारण निरस्त कर दिए गए।


