एसआईआर में पिछड़ने पर बादशाहपुर क्षेत्र का निरीक्षण
गुरुग्राम में एसआईआर अभियान-2026 के तहत बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वोटिंग केंद्रों पर स्थानीय लोगों से बातचीत की और मतदाता सूची में सही तरीके से शामिल होने के लिए निर्देश दिए। उनका लक्ष्य स्वच्छ और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना है।

गुरुग्राम,अमर मौर्य। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026(एसआईआर) कार्य में बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछड़ने को लेकर प्रशासन के लिए चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार को हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने धनवापुर क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर भ्रमण किया।
मतदाता सत्यापन की समीक्षा
बीएलओ, स्थानीय मतदाताओं, नगर निगम पार्षदों, विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) तथा लोगों से बातचीत किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र संख्या 160, 161 व 164 का निरीक्षण कर एसआईआर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ से घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वेक्षण, गणना प्रपत्रों के वितरण तथा मतदाता सत्यापन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
मतदाता सूची की शुद्धता
ए. श्रीनिवास ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य प्रत्येक पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना, अपात्र अथवा स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम नियमानुसार सूची से हटाना है। मतदाता सूची का शुद्ध होना लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को गणना प्रपत्र भरने और समय पर जमा कराने के लिए प्रेरित करें। जिन मतदाताओं ने अभी तक अपने गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) जमा नहीं कराए हैं, वे बिना विलंब अपने संबंधित बीएलओ के पास प्रपत्र जमा कराएं।
स्वच्छ मतदाता सूची के लिए नागरिक सहयोग
निर्वाचन आयोग का उद्देश्य एक स्वच्छ, त्रुटिरहित, पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना है। इसके लिए प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर निर्वाचन विभाग के अधिकारी, संबंधित बीएलओ, सुपरवाइजर तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।


