धर्मेंद्र कश्यप की ‘टाटा बाय-बाय’ पोस्ट से मची सियासी हलचल
राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रत्याशियों की घोषणा के तुरंत बाद, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने बरेली की सियासत में हलचल मचा दी है। उनकी 'टाटा बाय-बाय' पोस्ट पर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कश्यप की पार्टी से नाराजगी की अटकलें तेज हो गई हैं, लेकिन उन्होंने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया।

राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी होने के ठीक अगले ही दिन आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की सोशल मीडिया पोस्ट ने बरेली की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। मंगलवार को उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर महज दो शब्द लिखे- ‘टाटा बाय-बाय’। पोस्ट में न किसी राजनीतिक दल का नाम है और न किसी नेता, पद या फैसले का जिक्र। बावजूद इसके, पोस्ट के समय को देखते हुए राजनीतिक हलकों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। मंगलवार शाम धर्मेंद्र कश्यप की यह फेसबुक पोस्ट सामने आते ही समर्थकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने कमेंट के जरिए उनसे अगला कदम पूछना शुरू कर दिया।
रात करीब 11 बजे तक पोस्ट पर 1200 से अधिक कमेंट और 212 शेयर हो चुके थे। इनमें बड़ी संख्या में विपक्षी दलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी हैं, जो पूर्व सांसद का स्वागत करते कमेंट में वेलकम, स्वागत अभिनंदन और अग्रिम शुभकामनाएं लिख रहे हैं। वहीं, उनके समर्थकों में भी पोस्ट को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। हालांकि पोस्ट के आधार पर धर्मेंद्र कश्यप के किसी राजनीतिक निर्णय पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी। राज्यसभा के लिए भाजपा की ओर से प्रदेश की आठ सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा के बाद धर्मेंद्र कश्यप की पोस्ट सामने आई। इसी वजह से राजनीतिक गलियारों में इसे पार्टी से संभावित नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि धर्मेंद्र कश्यप ने खुद ऐसा कोई संकेत नहीं दिया है और न ही इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया है। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी है कि पूर्व सांसद पिछले कुछ समय से पार्टी में पहले की तुलना में अलग-थलग नजर आ रहे हैं। कुछ लोगों का दावा है कि वह विपक्षी दलों के संपर्क में हैं और सपा प्रमुख अखिलेश यादव से उनकी मुलाकात भी हो चुकी है। हालांकि इस मुलाकात या किसी राजनीतिक संपर्क की स्वतंत्र रूप से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


