अखिलेश यादव से मिले केसी शाक्य, राजनीतिक गलियारे में हलचल
बदायूं में भाजपा नेता केसी शाक्य की समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद पार्टी बदलने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। केसी शाक्य ने कहा कि उनकी मुलाकात एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी और वह भाजपा में ही रहेंगे। सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीरें वायरल हुई हैं।

बदायूं, संवाददाता। म्याऊं ब्लॉक प्रशासक विनीता शाक्य के देवर एवं भाजपा नेता केसी शाक्य के समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारे में पार्टी बदलने की चर्चायें तेज हो गयी हैं। इसकी पुष्टि अभी तक सपा की ओर से नहीं की गयी। भाजपा नेता ने स्वीकार किया कि एक कार्यक्रम में उनकी अखिलेश यादव से मुलाकात हुई।
राजनीतिक अफवाहें
केसी शाक्य करीब 10 वर्षों से भाजपा से जुड़े हुये हैं। इनकी भाभी विनीता शाक्य म्याऊं ब्लॉक से ब्लॉक प्रमुख रहीं हैं, जो कि वर्तमान में प्रशासक हैं। केसी शाक्य के अचानक लखनऊ पहुंचकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद समाजवादी पार्टी में शामिल होने की चर्चायें हो रही हैं, हालांकि पार्टी की ओर अब तक ऐसी पुष्टि नहीं की गयी हैं और भाजपा नेता केसी शाक्य ने भी सपा में शामिल होने की बात को नकारा है। उनका कहना है कि लखनऊ में समाज के एक कार्यक्रम में शामिल होने गये थे, जहां समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात हो गयी। इधर समाजवादी पार्टी के राष्ट्र्रिए अध्यक्ष अखिलेश यादव से केसी शाक्य की मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं, जिसको लेकर लोग तरह-तरह की चर्चायें कर रहे हैं। लोगों का कहना ये भी है कि केसी शाक्य की अखिलेश यादव से ये मुलाकात 2027 के चुनाव को लेकर की गयी है। भाजपा नेता केसी शाक्य ने बताया कि वह भाजपा के हैं और भाजपा में ही रहेंगे। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात एक समाज के आयोजित कार्यक्रम में हो गयी है।


