देश से माफी मांगें राहुल गांधी : भाजपा
अपडेट नोट-- पूर्व में यह खबर ‘प्रदर्शनकारियों पर कोई गोली नहीं चलाई गई : संबित

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। संसद से लेकर सड़क तक वार-पलटवार में उलझी भाजपा व कांग्रेस एक दूसरे पर माफी मांगने व न मांगने को लेकर आमने-सामने आ गई है। भाजपा ने संसद में गृह मंत्री पर गलतबयानी करने को लेकर राहुल गांधी से माफी मांगने को कहा है तो राहुल गांधी ने भी माफी मांगने से मना कर दिया है। इसके बाद भाजपा ने राहुल गांधी को कई बार माफी मांगने की याद दिलाई और कहा कि वह अदालत में माफी मांगते हैं। सांसद व भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर सदन में सरासर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा है वह लगातार देश को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। पात्रा ने कहा कि नेता विपक्ष ने देश के गृह मंत्री पर भी झूठे आरोप लगाए हैं। इसके लिए उनको देश से माफी मांगनी चाहिए। पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने सदन में झूठ बोलने के सिवा कुछ नहीं किया। राहुल गांधी बार-बार अपना गोल पोस्ट चेंज करते रहे, लेकिन छात्रों के हित में कुछ भी नहीं बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा देश के छात्रों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग उनकी युवा विरोधी मानसिकता और असंसदीय आचरण को दर्शाता है।
राहुल गांधी के आरोपों का खंडन
पात्रा ने राहुल गांधी के इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया कि उन्हें बोलने का मौका नहीं मिला। उन्होंने कहा कि जब सदन में 45 सांसदों को बोलने का अवसर मिला और प्रियंका गांधी वाड्रा भी अपनी बात रख सकीं, तो राहुल गांधी को क्यों रोका जाता। राहुल गांधी को पूरा समय दिया गया, लेकिन वह अपनी बात नियमों के अनुसार नहीं रख पाए। पात्रा ने राहुल गांधी के इस बयान पर कि वह भाजपा या आरएसएस से कभी माफी नहीं मांगेंगे, कहा कि राहुल गांधी ने शिवराज सिंह चौहान से अदालत में लिखित रूप से माफी मांगी थी। इसके अलावा चौकीदार चोर है के मामले में भी वे सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर माफी मांग चुके हैं।
सुरक्षा बलों पर निराधार आरोप
पात्रा ने राहुल गांधी के इस दावे को गलत कहा कि उन्होंने खुद गृह मंत्री अमित शाह को अधिकारियों से फोन पर बात करते देखा। पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी बिना किसी प्रमाण के ऐसे आरोप लगाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी राफेल मामले में उन्होंने तत्कालीन रक्षा मंत्री मनोहर पारीकर और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को लेकर ऐसे ही दावे किए थे, जो गलत थे।
पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने सुरक्षा बलों पर छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार के निराधार आरोप लगाकर जवानों के सम्मान और मनोबल को ठेस पहुंचाई है। राहुल गांधी अपने दोनों पॉकेट में हमेशा विक्टिम कार्ड रखते हैं। वे खुद से अपना माइक बंद करते हैं और आसन पर आरोप लगाते हैं कि उन्हें सदन में बोलने नहीं दिया रहा।
केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह की प्रतिक्रिया
गृह मंत्री अमित शाह को लेकर राहुल गांधी के सभी आरोपों का खंडन करते हुए पात्रा ने कहा कि शाह ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके नाम से नक्सली कांपते हैं। शाह ने नक्सलवाद के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की और भारत को नक्सल-मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया।
जितेंद्र सिंह ने साधा निशाना
केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि फायरिंग का आदेश देने का अधिकार मजिस्ट्रेट के पास है, किसी मंत्री के पास नहीं और राहुल गांधी को सार्वजनिक जीवन का अनुभव नहीं है, इसलिए उन्होंने ऐसे आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग का आदेश दिया है, लेकिन वह उस आरोप को साबित नहीं कर पाए। राहुल गांधी के इस आरोप पर कि अमित शाह के काफिले में 30 गाड़ियां हैं, सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष के नेता को गिनती भी नहीं पता। राहुल गांधी की इस बात पर कि गृह मंत्री विदेश यात्रा पर गए थे, मंत्री ने कहा कि उन्हें पता होना चाहिए कि अमित शाह कभी विदेश नहीं गए हैं।
कांग्रेस पर आरोप
कांग्रेस छात्रों की हितैषी कभी नहीं रही
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर छात्रों के हित में काम न करने और अपनी सरकारों के दौरान परीक्षा पेपर लीक में शामिल लोगों का समर्थन करने का आरोप लगाया। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों के दौरान पेपर लीक की सबसे ज्यादा घटनाएं हुईं। उन्होंने बहस के दौरान विपक्ष की टिप्पणियों की भी आलोचना की।
राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए: पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को राहुल गांधी पर लोकसभा में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर बेबुनियाद और झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता हताश हैं, क्योंकि छात्रों ने उन्हें नकार दिया है। राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। यह सदन का गंभीर दुरुपयोग है।


