विधायक-थानेदार विवाद से झारखंड की राजनीति हुई गर्म
डुमरी विधायक जयराम महतो और बरवाअड्डा थानेदार के बीच का विवाद झारखंड की राजनीति में गर्मागरमी ला रहा है। झामुमो ने भाजपा को तंज करते हुए कहा कि जयराम की पार्टी भाजपा की बी टीम है। जयराम ने पुलिस के खिलाफ आवाज उठाने और और अन्याय के खिलाफ लड़ने का आह्वान किया।

डुमरी विधायक जयराम महतो और बरवाअड्डा थानेदार के बीच हुए विवाद से झारखंड की राजनीति अब गर्म हो गई है। जयराम के समर्थन में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी के बयान के बाद अब झामुमो ने तंज कसा है। जयराम की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा को भाजपा की बी टीम बताते हुए बरवाअड्डा थाना प्रकरण पर झामुमो ने प्रतिक्रिया दी है। झामुमो ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, चूंकि भाजपा अब अपनी बी टीम (जेएलकेएम) के लिए खुलकर सामने आ गई है तो हमें सुदेश महतो की चिंता होना स्वाभाविक है। झामुमो ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा यूज-एंड-थ्रो में माहिर है। अपने स्वार्थ के लिए भाजपा किसी की बलि देने और लेने में पीछे नहीं रहती।
पुलिस के खिलाफ आंदोलन
इस विवाद के बाद जहां विधायक जयराम पुलिस के खिलाफ लगातार मुखर हो रहे हैं, वहीं पुलिस मेंस एसोसिएशन ने भी उनकी गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन का अल्टीमेटम दे दिया है। झारखंड के लगभग सभी बड़े नेताओं का बयान इस मुद्दे को लेकर आने लगा है। विधानसभा अध्यक्ष ने जयराम मामले में शब्दों के चयन पर सवाल उठाया है।
जयराम का आह्वान
पुलिस के खिलाफ सबूत दें, करेंगे आंदोलन : जयराम
बरवाअड्डा थाना प्रभारी प्रकरण में जयराम महतो ने भ्रष्ट पुलिस अधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने झारखंडवासियों से पुलिस की मनमानी, दुर्व्यवहार, उत्पीड़न, मारपीट और अवैध वसूली के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की है। कहा कि यदि किसी थाना या पुलिस अधिकारी द्वारा आमलोगों से दुर्व्यवहार, अन्याय, प्रताड़ना या अवैध वसूली की जाती है तो लोग सुरक्षित तरीके से वीडियो या ऑडियो रिकॉर्ड करें और उसे सार्वजनिक कर मुझे टैग करें। पुलिस के किसी अधिकारी द्वारा यदि किसी नागरिक के साथ गलत व्यवहार किया जाता है तो लोग डरें नहीं। उन्होंने अपील की कि ऐसे मामलों को सामने लाया जाए और उन्हें भी टैग किया जाए, ताकि वे मामले को संज्ञान में लेकर न्याय की लड़ाई में साथ खड़े हो सकें। विधायक ने कहा कि इस लड़ाई का किसी राजनीतिक दल या विचारधारा से संबंध नहीं है। व्यक्ति किसी भी राजनीतिक दल या विचारधारा से जुड़ा हो, यदि उसके साथ अन्याय हुआ है या हो रहा है तो वह उसके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए वह हर स्तर पर आवाज उठाएंगे.


