नीति आयोग की टीम ने किया विद्यालयों का भ्रमण
नीति आयोग की टीम ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। एफएलएन और एसईएल कार्यक्रम के तहत टीम ने शिक्षा सुविधाओं का जायजा लिया। बच्चों और शिक्षकों से बातचीत कर पठन-पाठन की स्थिति की जानकारी ली गई। टीम ने बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुझाव भी दिए।

मंडरो। नीति आयोग की टीम ने सोमवार को प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण एवं अनुश्रवण किया।एफएलएन फाउंडेशन लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (एफएलएन) व सामाजिक-भावनात्मक अधिगम (एसईएल) कार्यक्रम के तहत टीम ने भ्रमण किया। टीम में नीति आयोग के विकास शर्मा एवं रजिया उमर शामिल थीं। टीम ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय बड़ा गडरा रंगरा टोला, उत्क्रमित मध्य विद्यालय कौड़ीखुटौना व मिर्जाचौकी पीएम श्री उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने विद्यालयों में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं, शैक्षणिक गतिविधियों तथा एफएलएन-एसईएल कार्यक्रम के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। टीम के सदस्यों ने बच्चों एवं शिक्षकों से संवाद कर पठन-पाठन की स्थिति और बच्चों के सीखने के स्तर की जानकारी प्राप्त की।
बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, कक्षा में गतिविधि आधारित शिक्षण तथा कार्यक्रम के प्रभाव के संबंध में भी जानकारी ली।नीति आयोग की टीम ने प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मोहम्मद एहसान अहमद से विद्यालयों में संचालित गतिविधियों एवं कार्यक्रम की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मौके पर विद्यालय स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक सुझाव भी दिए गए।मौके पर बीपीओ मोहम्मद एहसान अहमद,बीआरपी क्लाइमेट सोरेन, सीआरपी मोहम्मद सनाउल्लाह अंसारी,प्रधानाध्यापक रजनीकांत द्विवेदी, रामनारायण चौधरी आदि मौजूद थे।


