पार्टी के बहाने बुलाकर ललन की गोली मार हत्या, काट दिया सिर
खजौली के कुसमार बिसमोहा नहर के पास 2 सितंबर को मिली सिर कटी लाश मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। ललन कुमार की हत्या उसके अवैध धंधे में शामिल लोगों ने पार्टी के बहाने बुलाकर की। हत्या में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, अन्य की तलाश जारी है।

खजौली, निज प्रतिनिधि। खजौली थाना क्षेत्र के कुसमार बिसमोहा साइफन नहर के पास दो सितंबर को मिली सिर कटी लाश के मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, ललन कुमार की हत्या उसके साथ अवैध धंधे में शामिल रहे लोगों ने ही पार्टी के बहाने बुलाकर की थी। पहले डंडे से पीटकर उसे बेहोश किया गया। इसके बाद सुनसान जगह ले जाकर सिर में गोली मारी और चाकू से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। हत्या के बाद सिर को लेकर दो आरोपित फरार हो गए। मधुबनी सदर-2 की एसडीपीओ कामिनी कौशल ने मंगलवार को खजौली थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हत्या में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खुटौना बाजार निवासी आलोक कुमार और सिहुला निवासी विकास कुमार सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में कन्हैया कुमार, नरेश कुमार कामत और विवेक सहनी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

