Rampur News: फर्जी लूटकांड का खुलासा, अधिवक्ता की पत्नी ने ही रची थी कहानी

हिन्दुस्तान, रामपुर
Follow us on Google News
share

Rampur News: रामपुर में अधिवक्ता की पत्नी ने झूठी लूट की कहानी बनाई। जांच में पता चला कि उसने फोर एक्स ट्रेडिंग में पैसा लगाया था, जो डूब गया। लूट के आरोप लगाने पर पुलिस ने मात्र 12 घंटों में सच्चाई का खुलासा किया। अब पुलिस की कार्रवाई अधिवक्ता की पत्नी के खिलाफ शुरू होगी।

Rampur News: फर्जी लूटकांड का खुलासा, अधिवक्ता की पत्नी ने ही रची थी कहानी

Rampur News: रामपुर, संवाददाता। गंज थाना क्षेत्र में अधिवक्ता के घर हुई लाखों की लूट का खुलासा पुलिस ने 12 घंटे में किया है। लूट की सूचना झूठी पाई गई। पुलिस की जांच में सामने आया कि अधिवक्ता की पत्नी ने अधिक मुनाफे के चक्कर में अपना पैसा फोर एक्स ट्रेडिंग कंपनी में लगा दिया था। लगातार पैसा डूबने पर अधिवक्ता की पत्नी ने लूट की झूठी कहानी रची थी। जांच के घेरे में आने पर पुलिस ने 12 घंटे में ही इसका खुलासा किया।

फर्जी लूट की घटना

लूट की यह फर्जी घटना बुधवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे गंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला थाना टीन में हुई। यहां पर रहने वाले सैय्यद आमिर मियां अधिवक्ता हैं और रामपुर कचहरी परिसर में प्रैक्टिस करते हैं। बुधवार को सैय्यद आमिर मियां कचहरी गए थे। घर में उनकी पत्नी इकरा बी और बच्चे थे। इकरा बी के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह बच्चों को खाना खिला रही थी कि तभी छत के रास्ते से एक नकाबपोश बदमाश नीचे आया। आते ही उसने इकरा बी को चाकू की नोंक पर ले लिया और नकदी-जेवर की मांग करने लगा। इकरा बी के अनुसार उसने जब इंकार किया तो चाकू से वारकर घायल कर दिया। इतना ही नहीं बच्चों को चाकू दिखाते हुए कहा कि अगर सामान नहीं दोगे तो बच्चों को मार देंगा। इकरा बी ने घबराकर अलमारी खोली। लेकिन उसमें कुछ नहीं था। बकौल इकरा बी ने फिर घर में नकदी-जेवर होने से इंकार किया तो बदमाश हमलावर हो गया और गमले से वार कर दिया। इसके बाद दूसरी जबरन दूसरी अलमारी खुलवाकर उसमें रखे 15 तोले सोने के जेवर व एक लाख रुपये लूट लिए। जाते वक्त सभी को जान से मारने की धमकी देता हुआ बदमाश छत के रास्ते से फरार हो गया। इतना ही नहीं उसने महिला का फोन भी तोड़ दिया। बदमाश के जाने के बाद किसी तरह से इकरा ने शोर मचाते हुए अपने अधिवक्ता पति को इसकी सूचना दी। जिस पर वह भी मौके पर आ गए। दिन-दहाड़े लूट की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एएसपी अनुराग सिंह भारी फोर्स व फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली। इस मामले में अधिवक्ता की तहरीर पर गंज कोतवाली में अज्ञात पर केस दर्ज किया गया। वहीं अधिवक्ता के घर दिन-दहाड़े हुई लूट की सूचना पर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सतनाम सिंह मट्टू समेत कई अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना की जानकारी लेने के बाद इसे लूट बताया। साथ ही पुलिस-प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग उठाई। केस दर्ज करने के बाद जब पुलिस ने जांच की तो सब सच्चाई सामने आ गई।

फॉरेंसिक टीम और पूछताछ के बाद हुआ खुलासा

रामपुर। इस घटना के बाद एएसपी अनुराग सिंह और सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने फारेंसिक टीम को भी बुला लिया था। टीम ने पूरे घर का बारीकि से निरीक्षण किया। अधिवक्ता की पत्नी का मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने महिला के चोटों के निशान का परीक्षण किया तो वह शक के दायरे में आ गई।

सीसीटीवी में नहीं आया था कोई सामने

रामपुर। लूट की सूचना के बाद पुलिस ने माहौल की नजाकत को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज चेक करने की कोशिश की। जिस पर मालूम हुआ कि महिला के घर पर कोई आया नहीं हैं। चूंकि महिला ने बताया कि बदमाश छत के रास्ते से आया था, इसलिए पुलिस ने पड़ोस में काम करने वाले मजदूरों से भी पूछताछ की। लेकिन वह कोई जानकारी नहीं दे सके।

मोबाइल में मिले एप से पुलिस पहुंची खुलासे तक

रामपुर। पुलिस ने जब महिला का मोबाइल चेक किया तो उसमें अधिकतर गोल्ड लोन से संबंधित जानकारी मिली। किस बैंक से कितनी जल्दी और कितना लोन मिल सकता है, इस संबंध में अधिवक्ता की पत्नी ने काफी सर्च किया था। उसी के आधार पर पुलिस ने जब बैंकों में जाकर पूछताछ की तो सारी हकीकत सामने आ गई। बैंक डिटेल से यह भी मालूम हो गया कि महिला ने कब और किस बैंक से कितना गोल्ड लोन लिया है।

रकम डूब जाने के कारण बैंक से उठाया लोन

रामपुर। इस फर्जी लूट का खुलासा करते हुए एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि पूरी डिटेल निकालने के बाद पुलिस ने जब अधिवक्ता की पत्नी से पूछताछ की तो वह बरगलाती रही लेकिन बाद में सख्ती से पूछने पर उसने अपना जुर्म कबूल लिया। एएसपी के अनुसार महिला ने मुनाफे के चक्कर में फोर एक्स ट्रेडिंग कंपनी में लगाया था। बाद में पूरी रकम डूब गई। इसके बाद अधिवक्ता की पत्नी ने बिना परिजनों को सूचना दिए अपना सारा जेवर बैंक में गिरवी रखकर लोन ले लिया।

पत्नी का नाम केस में होगा शामिल

रामपुर। लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अधिवक्ता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने जांच कि तो मामला झूठा निकला। अब पुलिस विवेचना के दौरान अधिवक्ता की पत्नी का नाम केस में शामिल करेंगी और कार्रवाई की जाएगी। सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि झूठी सूचना देने के आरोप में पत्नी पर भी कार्रवाई की जाएगी।केस में उनका नाम शामिल किया जाएगा।

अधिवक्ता के घर लूट की सूचना मिली थी। जिसके बाद जांच की तो सामने आया कि यह पटकथा अधिवक्ता की पत्नी ने ही लिखी थी। दरअसल उन्होंने एक कंपनी में रकम लगा दी थी। जो डूब गई, इसके बाद उन्होंने परिजनों को बिना बताए बैंकों से गोल्ड लोन लेकर फिर रकम कंपनी में लगा दी। यह रकम भी डूब गई। जिस पर खुद को बचाने के लिए उन्होंने फर्जी लूट की बात कही। इस संबंध में उन पर कार्रवाई की जाएगी।

-अनुराग सिंह,एएसपी।

सामान्य प्रश्न

इस घटना में किसकी पत्नी पर आरोप लगाया गया है?
इस घटना में अधिवक्ता की पत्नी इकरा बी पर आरोप लगाया गया है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से जुड़ी नवीनतम खबरों और पल-पल की जानकारी के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।