पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से दो लुटेरे घायल, चालक समेत चार गिरफ्तार
हरदोई, संवाददाता। लखनऊ के सर्राफा व्यवसायी से शाहाबाद क्षेत्र में हुई पांच किलो चांदी की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने व्यापारी के चालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुए हैं। आरोपियों के कब्जे से पांच किलो चांदी, बिना नंबर की कार एवं हथियार बरामद हुए हैं।
हरदोई, संवाददाता। शाहजहांपुर से लौट रहे लखनऊ के सर्राफा व्यवसायी से शाहाबाद क्षेत्र में हुई पांच किलो चांदी की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने व्यापारी के चालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। आरोपियों के कब्जे से पांच किलो चांदी, बिना नंबर की कार, दो तमंचे, चार कारतूस और दो खोखे बरामद हुए हैं। सीओ शाहाबाद संतोष कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ के थाना ठाकुरगंज क्षेत्र की प्रेमनगर कॉलोनी निवासी सर्राफा व्यवसायी हृदयराम सोनी 27 सितंबर को शाहजहांपुर से लखनऊ लौट रहे थे। शाहाबाद क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास बिना नंबर की कार सवार बदमाशों ने उनकी कार का शीशा तोड़कर पांच kilo चांदी से भरा बैग छीन लिया था। मामले में शाहबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पुलिस की कार्रवाई
बीती रात सूचना पर शाहबाद बाईपास पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुशील और विमल पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के साथ अमन और व्यापारी का चालक करन भी पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आया कि चालक करन ने ही व्यापारी के चांदी कारोबार की जानकारी अपने साथियों को दी थी। उसने इंटरनेट कॉल के जरिए व्यापारी की कार की लोकेशन भी साझा की थी। लूट के दौरान करन से मारपीट कर उसकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाला गया, ताकि घटना में उसकी भूमिका पर शक न हो। सीओ ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
व्यापारी की चांदी का विवरण
17.5 किलो चांदी लेकर निकला था व्यापारी
व्यापारी के पास कुल 17.5 किलो चांदी थी। चांदी दो बैगों में रखी थी। एक बैग में 12.5 किलो और दूसरे में पांच किलो चांदी थी। घटना से पहले व्यापारी ने 12.5 किलो चांदी हरदोई निवासी अपने मित्र अतुल को दे दी थी। बाद में वह चांदी वापस ले ली गई।
आरोपियों की पृष्ठभूमि
तीन आरोपियों पर पहले से मुकदमे
पुलिस के मुताबिक सुशील पर लखनऊ के ठाकुरगंज थाने में एक मुकदमा दर्ज है। विमल पर सरोजनीनगर थाने में मुकदमा दर्ज है। अमन के खिलाफ दुबग्गा थाने में एक और उन्नाव के कोतवाली थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।
खुलासा करने वाली टीम
खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार राय, अतिरिक्त निरीक्षक देवेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक शमशेर अहमद, अमरेश कुमार, अमित कुमार दूबे और रामानन्द मिश्रा समेत थाना शाहाबाद पुलिस रही। वहीं एसओजी/सर्विलांस टीम में स्वाट/एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक अब्दुल जब्बार, हेड कांस्टेबल आनन्द विश्वकर्मा, सागर चौधरी, आकाश समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

