दूसरे को फंसाने की नीयत से अपने घर में फेका था बम

हिन्दुस्तान, देवघर
Follow us on Google News
share

देवघर,प्रतिनिधि।मोहनपुर थाना क्षेत्र के लीलावरण गांव में जमीन विवाद को लेकर घर पर बम फेके जाने के चर्चित मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है

दूसरे को फंसाने की नीयत से अपने घर में फेका था बम

देवघर,प्रतिनिधि। मोहनपुर थाना क्षेत्र के लीलावरण गांव में जमीन विवाद को लेकर घर पर बम फेके जाने के चर्चित मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच में शिकायतकर्ता का बेटा ही घटना को अंजाम देने वाला निकला। मामले में कार्रवाई करते हुए थानेदार संदीप कृष्णा ने आरोपी कामेश्वर यादव को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायाधीश के आदेश पर जेल भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वर्षों से जमीन विवाद चल रहा है। उसको लेकर परेशान हो गया था। दूसरे के कहने पर बड़ी साजिश रच अपने घर में दो बम फेककर दूसरे पक्ष को फंसाने की साजिश कर दी।

बताते चलें कि लीलावरण गांव निवासी 54 वर्षीया जीरा देवी ने गांव के मनोज यादव, गणेश यादव, संजय यादव, देवेंद्र यादव और दिनेश यादव पर घर पर बम फेकने की प्राथमिकी दर्ज करायी थी। कहा गया था कि करीब एक माह पहले जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। कांड संख्या- 94/2026 दर्ज कराया गया था। आरोप लगाया गया था कि केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था और ऐसा नहीं करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। प्राथमिकी के अनुसार 10 जुलाई की रात करीब 2 बजे आरोपियों ने घर पर 2 बम फेके थे। 1 बम छप्पर पर गिरकर फट गया, जिससे छप्पर और एस्बेस्टस क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दूसरा बम आंगन में विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले तो कुछ लोगों को भागते देखने का दावा किया गया था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू की थी। सूत्रों के अनुसार तकनीकी जांच घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिससे शिकायतकर्ता के बेटे कामेश्वर यादव की भूमिका संदिग्ध पाई गई। उसके बाद पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस की ओर से मामले के खुलासे को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।